डायट दनकौर में उच्च प्राथमिक स्तरीय विज्ञान शिक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन

दनकौर:राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), दनकौर, गौतमबुद्ध नगर में उच्च प्राथमिक स्तरीय विज्ञान शिक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज दिनांक 30 सितम्बर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
यह प्रशिक्षण “आवश्यकता आधारित विज्ञान शिक्षण विद प्रैक्टिकल / एक्सपेरिमेंट अप्रोचेज एंड वर्चुअल लैब” विषय पर सत्र 2026-27 के प्रथम बैच (दिनांक 28 सितंबर से 30 सितंबर के रूप में आयोजित किया गया था।
यह सम्पूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट की प्राचार्या / उप शिक्षा निदेशक श्रीमती अर्चना गुप्ता के कुशल दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ प्रवक्ता श्री अनिल कुमार के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में पूर्ण सफलता के साथ सम्पन्न हुआ।
आधुनिक युग में शिक्षा के स्वरूप में तेजी से बदलाव आ रहा है, विशेषकर विज्ञान जैसे प्रायोगिक विषय में नवाचार अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को पारम्परिक चॉक-टॉक विधि से आगे बढ़ाकर करके सीखने और तकनीक आधारित शिक्षण से जोड़ा गया।
तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में विभिन्न महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर गहन सत्र आयोजित किये गये, जिनमें मुख्य रूप से – विज्ञान के प्रभावी प्रैक्टिकल, शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग, अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning), वर्चुअल लैब और सिमुलेशन का प्रयोग, विज्ञान शिक्षण कौशल, प्रकाशिकी, चुंबकत्व, विभिन्न गैसों के निर्माण की प्रायोगिक प्रक्रिया, मानव एवं पादप कार्यिकी, विज्ञान किट का प्रभावी उपयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण, योगा एवं परख की तैयारी के उपयोग पर विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस प्रशिक्षण को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारने में डायट के समस्त संदर्भदाताओं की भूमिका सराहनीय रही। प्रशिक्षण की नोडल अधिकारी सुश्री रीना भारतीय, श्री संदीप कुमार, श्री धनराज, श्री राजेश, श्री भूपेन्द्र, श्रीमती निधि, श्रीमती दीक्षा सहित समस्त प्रवक्तागण उपस्थित रहे। जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से आये परिषदीय विज्ञान शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया और आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।






