शिक्षण संस्थान

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को मिल सकती है अंतरराष्ट्रीय बौद्ध धरोहर की अनमोल सौगात

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सांस्कृतिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित वाकी इंटरनेशनल ग्रुप के कोऑपरेटर वें. कुंदला के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह से भेंट कर रिलिक पैगोडा को दान स्वरूप प्रदान करने से जुड़े प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया। यह पहल विश्वविद्यालय एवं स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज़ एंड सिविलाइज़ेशन (SOBSC) के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

इस महत्वपूर्ण बैठक का समन्वय अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक एवं स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज़ एंड सिविलाइज़ेशन के प्रमुख डॉ. चिंतला वेंकट सिवासाई द्वारा किया गया। बैठक में वें. कोविदा की गरिमामयी उपस्थिति ने संवाद को और अधिक सार्थक बनाया।

प्रतिनिधिमंडल ने रिलिक पैगोडा कार्यक्रम के माध्यम से विश्व स्तर पर बौद्ध सांस्कृतिक विरासत को साझा करने और देशों के बीच आध्यात्मिक सेतु स्थापित करने की अपनी दूरदृष्टि प्रस्तुत की। माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बौद्ध धरोहर के संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि अंतर-सांस्कृतिक संवाद, शांति और वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को भी नई दिशा देते हैं।

बैठक में इस बात पर सहमति व्यक्त की गई कि प्रस्तावित रिलिक पैगोडा दान से विश्वविद्यालय परिसर का आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और अकादमिक वातावरण और अधिक समृद्ध होगा। साथ ही, यह पहल गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बौद्ध अध्ययन और सांस्कृतिक संवाद के एक सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!