शिक्षण संस्थान

राष्ट्रीय महिला दिवस पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में साहित्यिक आयोजन, सरोजिनी नायडू को किया गया स्मरण

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग द्वारा राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक साहित्यिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान भारतीय अंग्रेज़ी कवयित्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं दूरदर्शी नेता की जयंती को समर्पित रहा। आयोजन मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रो. माधव गोविंद के कुशल संरक्षण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य सरोजिनी नायडू के जीवन, साहित्यिक योगदान और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका को स्मरण करना था, जो आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह आयोजन साहित्य, रचनात्मकता और महिला सशक्तिकरण का जीवंत उत्सव बन गया।

विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित्रा हुइद्रोम ने अपने संबोधन में सरोजिनी नायडू की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे न केवल एक प्रतिष्ठित भारतीय अंग्रेज़ी कवयित्री थीं जो विभाग के अकादमिक क्षेत्र से गहराई से जुड़ी हुई हैं बल्कि एक दूरदर्शी राष्ट्रनेता और स्वतंत्रता सेनानी भी थीं, जिनका योगदान देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा कविता पाठ, पोस्टर निर्माण, नारा लेखन एवं मोनो-एक्ट जैसी विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रस्तुतियों में साहित्य और समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति गहरी समझ, जागरूकता और सृजनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली।

कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ, जिसमें विभाग द्वारा साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान के प्रति जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!