राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन

दनकौर:आज श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज, दनकौर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एकदिवसीय शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव रजनीकांत अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स, कला विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. देवानंद सिंह, बीसीए एवं बीबीए विभागाध्यक्ष श्रीमती शशि नागर, तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने संयुक्त रूप से माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
इसके उपरांत स्वयंसेवकों की विभिन्न टोलियाँ गठित की गईं। टोलियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशन में महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा श्रमदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर के दूसरे चरण में महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास एवं उद्देश्यों पर एक सूक्ष्म संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में महाविद्यालय के सचिव रजनीकांत अग्रवाल ने एनएसएस के महत्व तथा विद्यार्थियों के निजी एवं सामाजिक जीवन में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करती है।
प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने अपने उद्बोधन में एनएसएस के इतिहास एवं उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराती है और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करती है।
इसी क्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्यों को आत्मसात कर ही हम एक सशक्त एवं जागरूक राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वयंसेवकों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की गई। समस्त कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।
महाविद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।







