अपराध

शादी का झांसा देकर दलित युवती से शारीरिक संबंध बनाने और गर्भपात कराने का आरोप 

दलित युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार ,आरोपी युवक की सगाई टली

औरंगाबाद (बुलंदशहर )एक दलित युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ अरसे तक शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती हो जाने पर जबरन गर्भपात कराने का संगीन आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक अब दूसरी जगह शादी कर रहा है। युवती की लिखित शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच कराकर दोषी पर कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

जहांगीराबाद रोड पर एक कालोनी में रह रही एक युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाली परतापुर निवासी एक युवक राहुल ने उसे बहला फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। आरोप है कि उक्त युवक युवती को उसके गांव से लिवाकर औरंगाबाद ले आया और जहांगीराबाद रोड पर यश विहार कालोनी में एक कमरा दिलवा कर उसके साथ रहने लगा। यही नहीं उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिये। गर्भवती होने पर कोल्ड ड्रिंक में दवा खिलाकर गर्भपात कराता रहा। जब उसने शादी की बात कही तो जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारकर नहर में फेंक देने की धमकी दी। साथ ही उसके अश्लील वीडियो वायरल करने व बदनाम करने की धमकी देने लगा। युवती ने आरोप लगाया है कि जब उसने राहुल के परिजनों से मिलकर उन्हें मामले से अवगत कराया तो उन्होने भी अपशब्द कहे और जान से मार डालने की धमकी देते हुए भगा दिया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए युवती ने अपनी सुरक्षा की मांग की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच कराकर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी युवक की सगाई बी बी नगर थाना क्षेत्र के एक गांव से बुद्ववार को आने वाली थी। इस घटना के बाद सगाई प्रोग्राम स्थगित कर दिया गया है।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!