अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जीबीयू की डॉ. युगांजलि मेहरा को सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) के स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज़ एंड सोशल साइंसेज़ (SOHSS) अंतर्गत शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. युगांजलि मेहरा को द्वितीय अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक अनुसंधान सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष डॉ. आदिल सुमारीवाला तथा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) के प्रो वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) कल्पेश एच. वंद्रा द्वारा प्रदान किया गया।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारत ओलंपिक अनुसंधान एवं शिक्षा केंद्र (BCORE) के तत्वावधान में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधीनगर (गुजरात) में 27 से 30 जनवरी 2026 के दौरान आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न देशों से कुल 113 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें डॉ. मेहरा का शोध पत्र “विश्वविद्यालयी छात्रों में सूर्य नमस्कार एवं योगिक श्वसन का शारीरिक एवं मौखिक आक्रामकता पर प्रभाव” को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया।
डॉ. युगांजलि मेहरा का यह शोध खेल विज्ञान, योग एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान और अकादमिक दक्षता को रेखांकित करता है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







