नगर पंचायत की चारागाह भूमि पर भाजपा नेता और सभासद कर रहे हैं अवैध कब्जा ?
नगर पंचायत कर्मचारियों को हड़का कर भगाया शिकायत जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से , कोई सुनवाई नहीं

औरंगाबाद( बुलंदशहर )नगर पंचायत की चारागाह भूमि गाटा संख्या 211 में दबंग भाजपा नेता और नगर पंचायत का एक सभासद अवैध कब्जा करने में मशगूल हैं। खास बात यह रही कि अवैध कब्जा रुकवाने मौके पर पहुंचे नगर पंचायत के तीन कर्मचारियों को दबंग अवैध कब्जे दारों ने हड़का कर भगा दिया। मामले की शिकायत जिलाधिकारी,अपर जिलाधिकारी सहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की गई है लेकिन अवैध कब्जे दारों की हनक देखिए अवैध कब्जा धड़ल्ले से जारी है।
मूढ़ी बकापुर निवासी लोकेश कुमार पुत्र ज्ञानेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया है कि नगर पंचायत औरंगाबाद की गाटा संख्या 211जो कि चारागाह भूमि के रूप में दर्ज है पर एक भाजपा नेता नगरपंचायत के एक सभासद के साथ मिलकर उक्त गाटा संख्या में लगभग चार सौ गज भूमि पर अवैध कब्जा करा रहे हैं। इस सरकारी भूमि पर रातों रात चार दीवारी खड़ी करके गेट लगा दिया गया है। इस अवैध कब्जे में नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी की भी मिली भगत है। शिकायत कर्ता ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा रुकवाने की मांग की है तथा शिकायत मुख्यमंत्री को भी मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजी गई है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है और अवैध कब्जा बराबर जारी है।
ज्ञात हुआ कि मामले की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत के तीन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा रुकवाने का प्रयास किया लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई और अवैध कब्जे दारों ने दबंगाई दिखाते हुए डपट कर भगा दिया।
विदित हो कि इस भूमि पर पूर्व में भी एस डी एम सदर,तहसीलदार, और नायब तहसीलदार अनेक बार अवैध कब्जा रुकवाने का प्रयास कर चुके हैं लेकिन सत्ता की हनक देखिए बार बार अवैध कब्जा कर लिया जाता है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल