न्याय के भविष्य पर मंथन: जीबीयू के विधि विद्यार्थियों की ‘जस्टिस अनप्लग्ड 2026’ में सहभागिता

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विधि, न्याय एवं सुशासन संकाय का एक प्रतिनिधिमंडल 28 फरवरी 2026 को द लीला पैलेस नई दिल्ली में आयोजित “जस्टिस अनप्लग्ड 2026 – शेपिंग द फ्यूचर ऑफ लॉ” कार्यक्रम में शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सहायक प्रोफेसर डॉ. विक्रम करुणा ने किया।
यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम वीआईटी स्कूल ऑफ लॉ द्वारा द हिंदू समूह के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधि क्षेत्र की समकालीन चुनौतियों और संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की गई।
इस गरिमामय आयोजन में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सर्वोच्च न्यायालय भारत के अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही एन. राम, अध्यक्ष, द हिंदू समूह तथा जी. विश्वनाथन, संस्थापक एवं कुलाधिपति, वेल्लोर प्रौद्योगिकी संस्थान की भी विशेष उपस्थिति रही।
जीबीयू के प्रतिनिधिमंडल में सिद्धार्थ प्रताप आनंद (चतुर्थ वर्ष), विनय प्रताप सिंह (चतुर्थ वर्ष), दीपिका गौतम (तृतीय वर्ष), नैन्शी शर्मा (तृतीय वर्ष), अंशिका शर्मा (तृतीय वर्ष) एवं अंशुल भाटी (तृतीय वर्ष) शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों की समकालीन प्रासंगिकता, न्यायिक सक्रियता, प्रभावी वकालत कौशल, मीडिया और न्यायपालिका के संबंधों तथा विधि व्यवसाय में नैतिकता और उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों के विचारों और संवाद सत्रों ने विद्यार्थियों को विधि के बदलते परिदृश्य को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर संकाय के अधिष्ठाता डॉ. के. के. द्विवेदी ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।





