शिक्षण संस्थान

जीबीयू के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग ने किया शैक्षणिक भ्रमण

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के विद्यार्थियों ने किया नोएडा स्थित दैनिक जागरण के कार्यालय एवं प्रिंटिंग प्रेस का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाचार की यात्रा : निर्माण से लेकर प्रकाशन तक की संपूर्ण प्रक्रिया से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान दैनिक जागरण के संपादक श्री महेश शुक्ला जी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि पत्रकार का दायित्व केवल समाचार लिखना नहीं, बल्कि तथ्यों के साथ संतुलित विचार प्रस्तुत करना भी होता है। उन्होंने संपादकीय विभाग को “अख़बार की आत्मा” बताते हुए उसकी भूमिका और महत्व को विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को पेज मेकअप, स्टाइल शीट, पेज फोलियो सहित समाचार पत्र निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही, समाचार संकलन, संपादन, डिजाइन और प्रकाशन की प्रत्येक अवस्था में टीम वर्क और समय-प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। भ्रमण का संचालन संपादकीय टीम के श्री राकेश पांडेय जी द्वारा किया गया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संपादकीय, प्रोडक्शन एवं मार्केटिंग विभागों की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा। प्रोडक्शन विभाग में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से कम समय में हजारों प्रतियां मुद्रित करने की प्रक्रिया को समझा, जबकि मार्केटिंग विभाग ने समाचार पत्र के प्रसार, विज्ञापन प्रबंधन और पाठकों से निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की रणनीतियों की जानकारी दी।

विभागाध्यक्ष प्रो. बंदना पांडेय ने बताया की हम समय समय पर अपने विद्यार्थियों को मीडिया के प्रतिष्ठित संस्थानों में शैक्षणिक भ्रमण कराते रहते हैं जिससे छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है, तथा इस प्रकार की गतिविधियाँ उद्योग-अकादमिक सहभागिता को सुदृढ़ करती हैं और विद्यार्थियों को मीडिया संगठनों के साथ कार्य करने के अवसर प्रदान होता हैं।

विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे उन्हें मीडिया उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। इस अवसर पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन डॉ विनीत कुमार, डॉ विमलेश कुमार, डॉ. रिया मौर्या एवं सुश्री शोभा यादव द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!