बालिका-भक्ति का दिव्य आलोक : खाम्बी में महाशिवरात्रि पर शिव आराधना का अद्भुत उत्सव
बृजधाम की पावन नगरी खाम्बी में बेटियों ने बहुत ही अनोखे ढंग से की भगवान शिव की पूजा

नंदी पूजन संग शिव आराधना : बेटियों ने दिया संस्कृति संरक्षण का संदेश
महाशिवरात्रि पर बेटियों ने जगाई आध्यात्मिक चेतना की ज्योति
हरियाणा:पलवल जनपद के अंतर्गत ब्रजधाम की पावन नगरी खाम्बी में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर भक्ति, संस्कृति और श्रद्धा का अनुपम संगम दृष्टिगोचर हुआ। श्री बिहारी जी मंदिर में विराजमान भगवान शिव का बालिकाओं ने अद्वितीय एवं भावपूर्ण रीति से अलंकरण एवं पूजन किया। उन्होंने शिव स्वरूप का दिव्य श्रृंगार महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन के बाबा महाकाल) की भव्यता के अनुरूप कर, बेलपत्र, पुष्प, धूप, दीप एवं पवित्र जल से अभिषेक अर्पित किया। तत्पश्चात रुद्राष्टक एवं शिव-स्तोत्रों के सस्वर गान द्वारा वातावरण को शिवमय बनाते हुए विश्व-शांति की मंगलकामना की।

मंदिर के महंत पंडित सुखदेव के अनुसार इस आयोजन की विशिष्टता यह रही कि बालिकाओं ने ग्राम की गलियों में विचरण करने वाले नंदी का भी श्रद्धापूर्वक तिलक, माल्यार्पण एवं पूजन कर भारतीय संस्कृति के संरक्षण तथा गौवंश-सम्बद्ध परंपराओं के प्रति अपनी सजग आस्था का प्रेरणास्पद संदेश दिया। यह दृश्य न केवल आध्यात्मिक उत्कटता का प्रतीक था, अपितु नारी-शक्ति की सांस्कृतिक चेतना का भी सजीव उदाहरण बना,

नेहा, नीलम, मुस्कान, अंजलि, साक्षी, राधिका, संध्या, मनीषा, कनिका, प्रज्ञा, अंशिका, चेष्टा, डोली, उर्वशी एवं देवांशी सहित अन्य बालिकाओं ने इस पुण्य अनुष्ठान में सहभागिता कर महाशिवरात्रि के पावन पर्व को अलौकिक गरिमा प्रदान की। यह आयोजन ग्राम की धार्मिक परंपराओं, सामूहिक आस्था और बाल चेतना की उज्ज्वल अभिव्यक्ति के रूप में स्मरणीय बन गया।
रिपोर्ट- भगवत प्रसाद शर्मा







