मटर पनीर की सब्जी से हुई फूड पाइजनिंग का कहर जारी ,दर्जनों बीमार दो वृद्ध हायर सेंटर रेफर

औरंगाबाद (बुलंदशहर ) सगाई समारोह में मटर पनीर की सब्जी खाने से ग्राम मूढ़ी बकापुर और खिदरपुर में फूड पाइजनिंग का कहर रोके नहीं रुक रहा। लगातार दूसरे दिन मरीजों का अस्पताल पहुंचना जारी रहा। दो वृद्धों की हालत नाज़ुक होते देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिदरपुर में गुरुवार को एक युवक की सगाई समारोह में खाने में मटर पनीर की सब्जी बनाकर मेहमानों को परोसी गई थी। बची सब्जी को हलवाई मांग कर अपने साथ लेकर अपनी बहिन की सुसराल मूढ़ी बकापुर ले गया था। उस सब्जी को खाने से गांव में दर्जनों लोगों को फूड पाइजनिंग हो गई और सभी उल्टी दस्त पेट दर्द मरोड आदि होने लगे। परिजनों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखावटी में रीना,काजल, अंजलि,बाबी, सुशीला, निर्देश, वरुण, दीपांशी, मदनलाल ब्रजेश सभी निवासी ग्राम मूढ़ी बकापुर तथा ऋषभ व रिया निवासी ग्राम खिदिरपुर का उपचार किया जा रहा था।
रविवार को ग्राम खिदरपुर के मरीजों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया।
अनुज, लक्ष्मी, कुंती, सीता ब्रह्मानंद और मनोहर लाल सभी निवासी खिदरपुर को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ब्रह्मानंद उम्र लगभग 72 वर्ष तथा मनोहर लाल उम्र लगभग 70वर्ष की हालत नाज़ुक होते देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल अधीक्षक डॉ हरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी मरीजों का तत्परता से इलाज किया जा रहा है तथा दशा सामान्य हो रही है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल







