जीबीयू के विद्यार्थियों का ज़ी न्यूज़ भ्रमण, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की कार्यप्रणाली से हुआ प्रत्यक्ष परिचय

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग, के विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष प्रोo बंदना पांडे के संरक्षण में शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत ज़ी न्यूज़ का दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।
विभाग द्वारा आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने समाचार निर्माण की प्रक्रिया, संपादन, प्रस्तुतीकरण तथा प्रसारण से जुड़े विभिन्न चरणों को नज़दीक से देखा और समझा। विद्यार्थियों ने ज़ी न्यूज़ के विशेष कार्यक्रम वंदे मातरम में सहभागिता की और कार्यक्रम के दौरान एंकर की भूमिका, स्टूडियो संचालन तथा तकनीकी टीम के समन्वय को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया। इसके साथ ही, समाचार के निर्माण से लेकर उसके प्रसारण तक की संपूर्ण प्रक्रिया का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोo बंदना पांडे ने कहा कि, “इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों का शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम का एक महत्वपूर्ण व्यावहारिक पक्ष है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक मीडिया परिवेश से जोड़ने में सहायक होते हैं और उनके पेशेवर कौशल का विकास करते हैं।”
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली, वहीं मीडिया की कार्यसंस्कृति को समझने का अवसर पाकर विद्यार्थियों ने इस अनुभव को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ विनीत कुमार , डॉ बिमलेश कुमार , सुश्री रिया तथा सुश्री शोभा द्वारा किया गया।







