शिक्षण संस्थान

बीडीआरडी सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज में हुआ दो दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का भव्य समापन

दनकौर:बिशम्बर दयाल राममूर्ति देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दनकौर ,गौतमबुद्धनगर में आयोजित दो दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का समापन अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिवस पर छात्र-छात्राओं द्वारा सीखे गए कौशलों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया, जिसमें विशेष रूप से टेंट लगाना तथा आपदा प्रबंधन (Disaster Management) का सजीव प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने टीम भावना, तत्परता और साहस का परिचय देते हुए आपात परिस्थितियों में कार्य करने की अपनी क्षमता को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता एवं सेवा-भाव का विकास करता है, जो जीवन भर उनके लिए उपयोगी सिद्ध होता है।

इस शिविर का संचालन प्रशिक्षक विकास कुमार एवं कविता गौतम के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। वहीं विद्यालय के स्काउट मास्टर भास्कर सैनी एवं अंजू सिंह ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विद्यार्थियों का सतत मार्गदर्शन किया।

समापन समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता टीमों के उत्साह और अनुशासन की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की एवं अन्य सभी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

दो दिवसीय यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ और विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रहा।

शिविर में विद्यालय के आचार्य राजकुमार शर्मा, संजय दीक्षित,ओंकार सिंह,रामबीर सिंह, कर्मवीर सिंह, सन्नी चौधरी, पवन ठाकुर,गौरव सिंह, सौरभ शर्मा,अनुराग सिंह, नरेश शर्मा, यशवीर नागर, सुनीता शर्मा, ज्योति शर्मा, भावना शर्मा, गोपाल गोयल,राहुल राजपूत उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!