गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल गेस्ट हाउस में विश्वविद्यालय परिवार द्वारा होली मिलन समारोह का उल्लासपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और रंगोत्सव की खुशियाँ साझा कीं।

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के सदस्यों ने कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह को प्रभु श्री राम की प्रतिमा, अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विश्वविद्यालय में नवनियुक्त सदस्यों का भी अंगवस्त्र एवं पौधा प्रदान कर स्वागत किया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ-साथ भारतीय परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को भी दर्शाती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा की तथा गुलाल और रंग लगाकर होली का आनंद लिया। वातावरण हंसी-खुशी और सौहार्द्र से सराबोर रहा। उपस्थित सभी लोगों ने विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली का यह पर्व प्रेम, सौहार्द्र और एकता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों और उनके परिवारों को रंगोत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य हर्षोल्लास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ इस पर्व को मनाए तथा सदैव प्रसन्न रहे।





