गलगोटिया विश्वविद्यालय में बाल संरक्षण कानून पर अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा: गलगोटिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ में पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अमेरिका की प्रोफेसर लूसी जॉनस्टन-वाल्श द्वारा तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम आयोजित किया गया। “यू.एस. चाइल्ड प्रोटेक्शन सिस्टम एंड लॉज़ः डिफाइनिंग एब्यूज, मेंडेटरी रिपोर्टिंग एंड लीगल रिप्रेजेंटेशन ऑफ यूथ इन जुवेनाइल कोर्ट प्रोसीडिंग्स” विषय पर आधारित इस पाठ्यक्रम में लगभग 170 विद्यार्थियों तथा अध्यापकों ने भाग लिया।
पाठ्यक्रम के दौरान प्रो. लूसी जॉनस्टन-वाल्श ने अमेरिकी बाल संरक्षण प्रणाली के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार की परिभाषा और उसकी पहचान, अनिवार्य रिपोर्टिंग (मेंटडेटरी रिपोर्टिंग) की अवधारणा तथा किशोर न्यायालयों में युवाओं के लिए कानूनी प्रतिनिधित्व की भूमिका जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को गहन जानकारी दी। सत्रों में तुलनात्मक दृष्टिकोण भी शामिल किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को अमेरिका और भारत की बाल संरक्षण प्रणालियों के बीच समानताओं और भिन्नताओं को समझने का अवसर मिला।
प्रत्येक सत्र के अंत में संवादात्मक चर्चा आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे और अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया। इससे पूरा शिक्षण अनुभव अधिक प्रभावी और सहभागितापूर्ण बन गया। प्रोफेसर लूसी ने विश्वविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं और छात्रांे के लिये एक्टिव लर्निंग इकोसिस्टम की तारीफ की
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों का का आकलन करने के लिए पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्नों वाला एक सत्र आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रो. लूसी जॉनस्टन-वाल्श के साथ एक विशेष पॉडकास्ट सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने गलगोटिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ में अपने शिक्षण अनुभव साझा किए तथा विधि शिक्षा में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।






