जीबीयू महिला छात्रावास में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के महिला छात्रावासों में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिला अभिरक्षकों, छात्रावास के स्टाफ एवं छात्राओं ने मिलकर महिला सशक्तिकरण और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला अभिरक्षकों, स्टाफ एवं छात्राओं ने मुख्य अभिरक्षक (महिला) डॉ निधि पाल सिंह को पौधा भेंट कर सम्मान प्रकट किया। साथ ही महिला अभिरक्षकों ने एक-दूसरे को टीका लगाकर और मुँह मीठा कराकर स्नेह, सम्मान और आपसी सहयोग की भावना को व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने पद और दायित्व से ऊपर उठकर महिला होने के गर्व का उत्सव मनाया तथा अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा किया।
यह आयोजन रमाबाई अम्बेडकर महिला छात्रावास की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला छात्रावास की मुख्य अभिरक्षिका डॉ. निधि पाल सिंह, रमाबाई अम्बेडकर महिला छात्रावास की अभिरक्षक डॉ. रेनू यादव एवं डॉ. मंजरी सुमन, महामाया महिला छात्रावास की अभिरक्षक डॉ. आरती गौतम, इस्मत चुगताई महिला छात्रावास की अभिरक्षक डॉ. ममता रानी, महिला छात्रावास की केयरटेकर श्रीमती निर्मिता सहित सभी महिला छात्रावासों का स्टाफ और छात्राएँ उपस्थित रहीं।






