कुंभकर्णी नींद से जागा प्रशासन, सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
जिनकी शह पर हुआ कब्जा उनपर कब होगी कार्रवाई?

औरंगाबाद (बुलंदशहर )आखिर कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ प्रशासन रविवार को अचानक जाग उठा। नगर पंचायत की गाटा संख्या 518 की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त कराकर प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। लेकिन प्रश्न यह है कि सरकारी जमीनों पर दबंग भूमाफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे नगर पंचायत के जिन सर्वेसर्वाओं की शह पर धड़ाधड़ किये जा रहे हैं उनपर कार्रवाई कब होगी?

नगर पंचायत औरंगाबाद में ईदगाह रोड स्थित गाटा संख्या 518 में हाल ही में दबंग भूमाफियाओं ने नगर पंचायत के सर्वेसर्वाओं की शह पर अवैध निर्माण कर जबरन कब्जा कर लिया था। उस समय बेईमान सर्वेसर्वा आंखों पर पट्टी बांधे कानों में तेल डालकर सोये हुए थे। या यों कहिए कि दबंग भूमाफियाओं के हिमायती बने हुए थे।
मामला मीडिया में आया तो कुंभकर्णी नींद में सोया प्रशासन जागा और एस डी एम सदर दिनेश चंद्र के कड़े निर्देश पर रविवार को राजस्व विभाग की टीम कानूनगो सुरेंद्र भाटी के नेतृत्व में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सेवा राम राजभर के साथ नगर पंचायत कर्मियों को साथ लेकर गाटा संख्या 518पर पहुंची। दबंगों के कड़े प्रतिरोध की आशंकाओं के चलते थाना प्रभारी रामनरायण सिंह मय भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पैमाइश में गाटा संख्या 518 की लगभग एक बीधा जमीन सरकारी संपत्ति पाई गई जिसपर भूमाफियाओं ने अवैध निर्माण कर लिया था। पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया और तमाम निर्माण ध्वस्त कर दिया गया।
इस दौरान कानूनगो सुरेंद्र भाटी, अधिशासी अधिकारी सेवा राम राजभर, थाना प्रभारी रामनरायण सिंह,लेखपाल नरेश कुमार कस्बा चौकी इंचार्ज नीटू मलिक, नगर पंचायत कर्मी नेमपाल सिंह विजय सिंह शकील अहमद छोटन खां ओमदत्त आदि मौजूद रहे।
अवैध निर्माण ध्वस्त हो गया लेकिन उन सर्वेसर्वाओं पर कार्रवाई कब होगी जिनकी शह पर अवैध निर्माण किया गया यह प्रश्न अभी भी अधर में लटका हुआ है?
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल







