श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती

दनकौर:आज श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में महान समाज सुधारक, वैदिक धर्म के प्रणेता तथा आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती अत्यंत श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बी.सी.ए विभागाध्यक्षा श्रीमती शशि नागर द्वारा महाविद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें प्राचार्य, उप-प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि दयानंद सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर कला संकाय के विभागाध्यक्ष डाॅ देवानंद सिंह ने महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन, विचारों एवं समाज सुधार में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। समाजशास्त्र प्रवक्ता ड़ाॅ राजीव ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने “वेदों की ओर लौटो” का संदेश देकर समाज को अंधविश्वास, कुरीतियों एवं रूढ़ियों से मुक्त करने का प्रयास किया।
प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, शिक्षा, समानता और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे वैज्ञानिक सोच, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों पर आधारित वक्तव्य प्रस्तुत किए गए। समापन अवसर पर सभी ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।







