श्रृद्धा भाव से मनाया गया महाशिवरात्रि पर्व
सैकड़ों श्रद्धालु कावंड़ियों ने प्राचीन नागेश्वर मंदिर में किया जलाभिषेक ,हजारों लोगों ने मंदिरों में की पूजा-अर्चना

औरंगाबाद (बुलंदशहर )महा शिवरात्रि पर्व कस्बे और आसपास के देहात में श्रृद्धा भाव से मनाया गया। सभी शिवालयों में हजारों शिवभक्तों ने अपने अराध्य देव महादेव का जलाभिषेक किया और नवैद्म अर्पित कर पूजा अर्चना की । प्राचीन नागेश्वर मंदिर में सैंकड़ों शिवभक्त कांवड़ियों ने पदयात्रा करते हुए पवित्र गंगा धामों से गंगाजल लाकर अपने भोले को समर्पित करते हुए जलाभिषेक किया। बोल भोले की बम और हर-हर महादेव के गगन भेदी जय घोषों से सभी मंदिर गुंजायमान रहे।

महा शिवरात्रि पर्व पर प्राचीन नागेश्वर मंदिर परिसर में श्रृद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। पंक्तिबद्ध श्रृद्धालुओं को घंटों प्रतीक्षा करने के पश्चात ही महादेव का जलाभिषेक करने का सुअवसर प्राप्त हो सका। सैंकड़ों कांवड़ियों ने पदयात्रा कर हरिद्वार ब्रजघाट,पूठ आदि गंगा स्थलों से कांवड़ लेकर लाये गये पवित्र गंगाजल से महादेव का जलाभिषेक किया और श्रृद्धा पूर्वक पूजा अर्चना की। मंदिर के महंत आचार्य कुलदीप शास्त्री ने पूजा अर्चना संपन्न कराई। मंदिर कमेटी ने श्रृद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित कराया। मंदिर सुसज्जित करने और व्यवस्था बनाए रखने में कैलाश कुमार अग्रवाल, योगेश कुमार अग्रवाल दीपक अग्रवाल दीनू, नितिन सिंघल, राजकुमार कटारिया , संजय वर्मा, टीटू सर्राफ, मंगलसेन शर्मा बलबीर शर्मा का योगदान सराहनीय रहा। थाना प्रभारी रामनरायण सिंह मय पुलिस बल मौके पर तैनात रहकर कड़ी चौकसी बनाये रहे।
गायत्री सत्संग भवन स्थित शिव मंदिर,मेन सदर बाजार स्थित शिव मंदिर, अनामिका शुगर मिल रोड स्थित शिव मंदिर, चामुंडा मंदिर मंदिर, अज़ीज़ाबाद स्थित शिव मंदिर, अग्रवाल धर्मशाला स्थित शिव साईं मंदिर, कस्बा चौकी स्थित शिवालय, मडके बाबा स्थित शिव मंदिर आदि सभी मंदिरों में श्रृद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रशासन प्रतिनिधि के तौर पर नरेश कुमार मौजूद रहे। प्राचीन नागेश्वर मंदिर परिसर स्थित शनि धाम पर भंडारा लगाया गया और श्रृद्धालुओं को पूरी सब्जी का प्रसाद वितरण किया गया।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल







