राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिवस पर मिशन शक्ति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

दनकौर:आज श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिवस का कार्यक्रम ग्राम सलारपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय, विकासखंड दनकौर में अत्यंत उत्साह एवं सामाजिक जागरूकता के वातावरण में संपन्न हुआ। यह शिविर महाविद्यालय के सचिव एवं प्रबंधक श्री रजनीकांत अग्रवाल तथा प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स के संरक्षण में तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित नागर के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान से किया गया। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। श्रमदान के पश्चात स्वयंसेवकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिसे सभी ने प्रेमपूर्वक ग्रहण किया। भोजन के उपरांत स्वयंसेवकों ने पुनः विद्यालय परिसर की सफाई की तथा विद्यालय एवं सड़क पर पड़े कूड़े को सरकार द्वारा स्थापित डस्टबिन में डालकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
इसके पश्चात आज के प्रमुख विषय “मिशन शक्ति” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में मिशन शक्ति प्रभारी कुमारी स्वीटी (उपनिरीक्षक) एवं प्रिया राजपूत (उपनिरीक्षक) उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा अभियानों एवं हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं, जिनका समाधान मिशन शक्ति की टीम ने अत्यंत सरल और प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे प्राप्त जानकारी को समाज के अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाएँ, जिससे समाज में जागरूकता बढ़े और अपराध की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेविकाओं द्वारा मिशन शक्ति विषय पर एक नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें यह संदेश दिया गया कि विपरीत परिस्थितियों में साहस, सतर्कता और समझदारी से कार्य करते हुए किसी भी समस्या का सामना किया जा सकता है।
इसी क्रम में हिंदी विभाग की डॉ. शिखा रानी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वासी, शिक्षित और संगठित रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जब महिलाएँ जागरूक और सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र की उन्नति संभव होगी।
इसके पश्चात वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति रानी सेन ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने अपने निजी अनुभव का उदाहरण देते हुए बताया कि ये हेल्पलाइन सेवाएँ अत्यंत विश्वसनीय हैं और आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करके सहायता प्राप्त की जा सकती है।
महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता ने अपने संबोधन की शुरुआत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित नागर के प्रयासों की सराहना से की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति कोई नया विचार नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति में नारी को प्राचीन काल से ही शक्ति का स्वरूप माना जाता रहा है। हमारे यहाँ नारी को देवी के रूप में सम्मान प्राप्त है और इतिहास साक्षी है कि नारी ने सदैव समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर डॉ. अजमत आरा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने का एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और शिक्षा के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाना चाहिए। जब महिलाएँ शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक बनती हैं, तभी समाज में वास्तविक समानता और प्रगति संभव होती है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने सभी अतिथियों, मिशन शक्ति टीम, महाविद्यालय के शिक्षकों तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सदैव तत्पर रहें।
इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति से संबंधित गीत, कविताएँ एवं भाषण प्रस्तुत किए गए। साथ ही छात्र-छात्राओं ने मिशन शक्ति विषय पर आकर्षक पोस्टर भी बनाए।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह पूरा आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं स्वच्छता के संदेश के साथ अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






