जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में पीजीडीएम दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न

ग्रेटर नोएडा :जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (जीआईएमएस) में पीजीडीएम बैच 2023–25 का दीक्षांत समारोह आज 11 फरवरी 2026 को अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, परिश्रम और उज्ज्वल भविष्य के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बना।
इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि माननीय बिहार राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद ख़ान रहे। अपने दीक्षांत संबोधन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि “आदरणीय जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन महोदय,जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के यशस्वी सीईओ श्री स्वदेश कुमार सिंह जी, संस्थान के आदरणीय निदेशक महोदय, सम्मानित प्राध्यापकगण, गणमान्य अतिथिगण, मीडियाबंधु, अभिभावकगण, तथा आज दीक्षांत उपाधि प्राप्त करने वाले मेरे प्रिय विद्यार्थियों आप सभी को सादर नमस्कार।”
उन्होंने आगे कहा कि पिछले कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा जीएनआईओटी ग्रुप, गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस प्रतिष्ठित परिसर में आयोजित पीजीडीएम दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए हर्ष, गौरव और आत्मिक संतोष का विषय है।
राज्यपाल महोदय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अवसर केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं, बल्कि शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा के सफल समापन और व्यावसायिक जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक है। पीजीडीएम जैसे चुनौतीपूर्ण और व्यावसायिक पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करना विद्यार्थियों के सतत परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदान की गई उपाधि विद्यार्थियों को पहचान देती है, लेकिन उनका चरित्र, दृष्टिकोण, कार्य-संस्कृति और नैतिक मूल्य उन्हें उत्कृष्ट बनाएँगे। तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में प्रबंधन शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है।
माननीय राज्यपाल ने जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच, व्यावसायिक दक्षता और नैतिक मूल्यों से भी सशक्त करता है।
उन्होंने इस अवसर पर संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री स्वदेश कुमार सिंह के नेतृत्व की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता, शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता और कुशल प्रबंधन के कारण संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन), भारतीय जनता पार्टी, बिहार–झारखंड ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता जीएनआईओटी समूह के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक परंपरा, उद्योग-संस्थान सहयोग और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला।
वाइस चेयरमैन श्री गौरव गुप्ता* ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जीएनआईओटी समूह उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने हेतु सतत प्रयासरत है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. भूपेन्द्र कुमार सोम , भारतीय जनता पार्टी के नेता श्री नीरज सिंह , श्री महेन्द्र कुमार , कुलसचिव श्री अनिल मधवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं सशक्त मंच संचालन डॉ. शालिनी शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे समारोह को प्रभावशाली, अनुशासित एवं समयबद्ध रूप में संचालित किया।
दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान के दो सौ नब्बे से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं।
आज का यह समारोह उल्लास, गर्व और नई आकांक्षाओं के साथ एक अविस्मरणीय आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।







