थाना बादलपुर में SPEL 3.0 कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं को मिला 30 दिवसीय पुलिस प्रशिक्षण का अवसर

बादलपुर :गौतमबुद्ध नगर के थाना बादलपुर में आज स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरियेंशियल लर्निंग (SPEL 3.0) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से अवगत कराने और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन सहित पुलिस प्रशासन की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। उन्हें थाना स्तर से लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय, पुलिस लाइन एवं अन्य शाखाओं में भी प्रशिक्षण दिलाया गया, ताकि वे वास्तविक कार्य प्रणाली को नजदीक से समझ सकें।
इस मौके पर इंस्पेक्टर दिनेश कसाना ने कहा कि “SPEL 3.0 कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ना और उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। जब छात्र पुलिस की कार्यशैली को करीब से समझेंगे, तो उनमें कानून के प्रति सम्मान और जागरूकता स्वतः बढ़ेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल युवाओं को भविष्य में पुलिस सेवा के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
यह पहल युवाओं और पुलिस के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।







