जीबीयू एनएसएस यूनिट – 3 एवं सामाजिक कार्य विभाग द्वारा दान अभियान का सफल आयोजन

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) यूनिट-3 एवं सामाजिक कार्य विभाग द्वारा 20 फरवरी को विश्वविद्यालय के समीप स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों के वितरण हेतु एक विशेष सेवा अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर बच्चों, वृद्धजनों एवं जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना था।
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा पी. सिंह के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मार्गदर्शक के रूप में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. माधव गोविंद ने प्रेरक भूमिका निभाई।
अभियान का संयोजन डॉ. राहुल कपूर, कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस यूनिट–3 द्वारा किया गया तथा सह-संयोजक के रूप में डॉ. अपर्णा वर्मा, फैकल्टी मेंटर, एनएसएस यूनिट–3 ने सक्रिय सहभागिता निभाई। दान अभियान के दौरान जिबियू एनएसएस यूनिट 6 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ इंद्रजीत सिंह एवं समाज कार्य विभाग में अध्यापक सुश्री आकांक्षा तिवारी भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र, कंबल एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों एवं सामाजिक कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने सेवा, संवेदना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का परिचय देते हुए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुँचाई।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राणा पी. सिंह ने अपने संदेश में कहा, “विश्वविद्यालय केवल ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम भी है। एनएसएस एवं सामाजिक कार्य विभाग के ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में सेवा, करुणा और उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं। हमें समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहकर निरंतर सहयोग करते रहना चाहिए।”
यह सेवा अभियान विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं ‘समाज के लिए शिक्षा’ के मूल मंत्र को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।







