सराय छबीला में मासूम की संदिग्धावस्था में मौत से मचा हड़कंप
परिजनों ने ग्राम प्रधान के परिजनों पर लगाया मासूम के साथ बुरी तरह मारपीट कर सताने का सनसनीखेज आरोप ,मौके पर पहुंची पुलिस ने कराया मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम

औरंगाबाद( बुलंदशहर)ग्राम सराय छबीला में एक नाबालिग लडके की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। बालक की गर्दन पर फांसी के निशान पाए गए। मासूम की मौत से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात बुलंदशहर की नई मंडी चौकी प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे और मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने भेजा। फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की । जहां एक ओर पुलिस बच्चे द्वारा आत्महत्या करने की बात कह रही है वहीं मृतक के परिजनों ने ग्राम प्रधान के पति और परिजनों पर बालक की पीट पीट कर हत्या करने प्रताड़ित करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों ने कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कठोर कार्रवाई की जायेगी।

विकास खंड लखावटी अंतर्गत ग्राम सराय छबीला में शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे चाहत कुमार पुत्र कृष्ण पाल लोधी उम्र लगभग 14 वर्ष का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया गया कि गांव से 12 मार्च को भीमसेन के लड़के की बरात बस द्वारा ततारपुर गई थी। ग्राम प्रधान पति मुकेश कुमार ने बस कराई थी। रात्रि में बरात वापस लौट कर आईं और बराती उतर कर अपने घर चले गए।बस के कंडक्टर ने ग्राम प्रधान पति से शिकायत की कि बरातियों ने बस की पिछली सीट को फाड़ दिया है। प्रधान पति ने मालूम किया तो सीट फाड़ने में चाहत कुमार का नाम प्रकाश में आया। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को प्रधान पति अपने पुत्र और भाई भतीजे के साथ आये और चाहत को घर से अपने साथ लिवा ले गए। जहां उसे बुरी तरह मारा पीटा गया। परिजनों ने यहां तक कहा कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे चाहत का शव मिला। शव मिलते ही हड़कंप मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जहां मृतक के परिजनों ने बच्चे की हत्या ग्राम प्रधान पति के परिजनों की प्रतारणा के चलते हुई बताई वहीं ग्राम प्रधान मालती देवी के पति मुकेश कुमार ने तमाम आरोपों को निराधार मनघड़ंत बताया। नयी मंडी चौकी प्रभारी शिवम कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या करने का लगता है। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी। मृतक के परिजनों के अनुसार चार लोगों मुकेश कुमार, उसके भाई रवि कुमार, पुत्र रोहित व मनोज कुमार के खिलाफ तहरीर दी गई है। मृतक रामदास इंटर कालेज सराय छबीला में हाई स्कूल का छात्र था।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






