कटीरी में पंचायत घर की बाउंड्री वॉल हल्की आंधी में गिरी ग्रामीणों ने लगाया ठेकेदार पर घटिया सामग्री का आरोप
ब्लाक अगौता में भृष्टाचार का बोलबाला

औरंगाबाद( बुलंदशहर)अगौता ब्लाक की ग्राम पंचायत मीरपुर के गांव रायपुर कटीरी में बन रहे पंचायत घर की बाउंड्री वॉल मामूली आंधी बारिश भी नहीं सह सकी और ताश के पत्तों की मानिंद धराशाई हो गई। एक ओर जहां ग्रामीणों ने ठेकेदार पर निर्माण कार्य में घटिया सामग्री और कम मात्रा में सीमेंट लगाने का आरोप लगाया वहीं दूसरी ओर ठेकेदार ने कहा कि कुछ ग्रामीणों ने ही दीवार को ढहाया है। जहां एक ओर ब्लाक के आला अधिकारी ठेकेदार को बचाने का प्रयास कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर डी पी आर ओ ने अविलंब उच्च स्तरीय जांच टीम गठित कर मौके पर भेजकर जांच पड़ताल कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

मामला बेहद गंभीर। ब्लाक अगौता के ग्राम पंचायत मीरपुर के गांव रायपुर कटीरी में लाखों रुपए की लागत से पंचायत घर का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का जिम्मा ठेकेदार नंगलाकरन के महेश कुमार को सौंपा गया था। उक्त पंचायत घर की लगभग बीस मीटर दीवार विगत दिवस आई मामूली आंधी बारिश से ढह गई। ग्रामीणों ने बताया कि इस निर्माण कार्य में घटिया सामग्री और कम मात्रा में सीमेंट लगाने के चलते यह हादसा हुआ है। इसमें कोई भी जनहानि हो सकती थी और भविष्य में भी संभव है। यदि यह दीवार रात के बजाय दिन में गिर गयी होती तो किसी की भी जान जा सकती थी।
इस संबंध में बी डी ओ राजीव कुमार ने जांच ए डी ओ पंचायत को सौंप दिए जाने की बात कही। पंचायत सचिव रुपेंद्र सिसोदिया ने बताया कि इस दीवार को अज्ञात लोगों ने अपने हितों के चलते ढहा दिया है। ठेकेदार महेश कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए थाना अगौता में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी अगौता अतुल चौहान ने बताया कि तहरीर मिली जांच के लिए दरोगा को मौके पर भेजा गया। गिरी दीवार की नींव कमजोर और सीमेंट नाममात्र ही लगा पाया गया।
डी पी आर ओ नवीन कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम भेजकर जांच पड़ताल कराने का आश्वासन दिया। तथा कहा कि अनियमितता बरते पाये जाने पर कठोर कार्रवाई की जायेगी।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






