बुलन्दशहर

सजदे में झुक गये हजारों सिर,ईदगाह में शांति पूर्वक अदा हुई ईद की नमाज 

मुल्क और कौम की तरक्की अमन चैन की दुआ: प्रशासन पुलिस ने बनाये रखी कड़ी चौकसी 

औरंगाबाद( बुलंदशहर )ईद उल फितर के त्यौहार पर ईदगाह में बेशुमार लोगों ने शांति पूर्वक ईद की नमाज अदा की। नमाजियों ने अल्लाह से मुल्क और कौम की तरक्की अमन चैन और खुशहाली की दुआ की। नमाज़ के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर तैनात रहकर कड़ी चौकसी बनाये रखी,

ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने वालों का ईदगाह पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया। नमाज़ जामा मस्जिद के पेश इमाम कारी शेर मौहम्मद साहब ने पढ़ाई। नमाज़ से पूर्व नमाजियों को दिए गए अपने खुतबे में कारी साहब ने कहा कि रमजान माह में नेकी और इबादत का बड़ा सबाब होता है लेकिन हर मुसलमान का फ़र्ज़ है कि वो हमेशा अपने दीन और ईमान पर क़ायम रहे और नेकी व इबादत को हमेशा याद रखे। इस्लाम के बताए रास्ते पर चल कर अपने पडौसियों और हर जरुरत मंद की हर संभव मदद करें। किसी भी तरह किसी का दिल ना दुखायें। अपने मुल्क और कौम की हिफाजत और तरक्की के लिए हमेशा तैयार रहें।

ईद गाह पर सुबह से ही नमाजियों के पहुंचने का अनवरत सिलसिला शुरू हो गया हालांकि नमाज का समय पौने नौ बजे निर्धारित किया गया था। थाना प्रभारी रामनरायण सिंह मय भारी पुलिस बल सुबह-सुबह ईदगाह पर पहुंचकर व्यवस्था बनाने में जुट गये। सड़क किनारे खड़े लोगों को ईदगाह में ही नमाज अदा करने के निर्देश दिए जा रहे थे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चारों ओर पुलिस बल तैनात किया गया था। नायब तहसीलदार औरंगाबाद ललित नारायण प्रशांत, राजस्व निरीक्षक सुंदर सिंह भाटी नगर पंचायत के, नेमपाल सिंह,विजय सिंह ,शकील अहमद ,ओमदत्त , रिंकू शर्मा, महेंद्र पाल सिंह, आदि व्यवस्था में जुटे हुए थे।

ईद की नमाज संपन्न होने पर लोगों ने एक दूसरे को गले लगाते हुए ईद मुबारक कहते हुए एक दूसरे का खैरमकदम किया। ईद गाह पर खेल खिलौने मिठाई चाट पकौड़ी वालों के यहां बच्चों की भारी भीड़ रही। लोगों ने एक दूसरे के घरों पर पहुंचकर ईद की बधाई दी। मेहमान नवाजी करते हुए मुस्लिम भाइयों ने सिवइयां, मिष्ठान नमकीन फल मेवों से आगंतुक अतिथियों का स्वागत सत्कार किया और गले लगकर ईद की बधाईयां दी। त्यौहार शांति और सद्भाव पूर्वक संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!