“मन की बात में झलका भारत का आत्मबल और भविष्य का संकल्प”
ग्रेटर नोएडा:आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 129वें एवं वर्ष 2025 के अंतिम एपिसोड में राष्ट्र की बहुआयामी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्ष की सफलताओं ने देशवासियों में नवचेतना, आत्मविश्वास एवं संकल्प की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया है।
भारतीय जनता पार्टी जिला गौतमबुद्धनगर के नगर अध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा एवं ग्रेटर नोएडा मण्डल अध्यक्ष श्री अर्पित तिवारी के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में, पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार, ग्रेटर नोएडा मण्डल के समस्त बूथों पर प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बात’ के 129वें एपिसोड का श्रवण कार्यकर्ताओं एवं उनके परिजनों द्वारा अत्यंत श्रद्धा, आत्मीयता एवं उत्साह के साथ किया गया।
28 दिसंबर 2025 को प्रसारित इस विशेष एपिसोड में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्ष 2025 की ऐतिहासिक उपलब्धियों, प्रेरणास्पद उदाहरणों तथा वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रव्यापी संकल्पों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं साहस का प्रतीक बताते हुए खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, संस्कृति तथा स्वदेशी प्रयासों के क्षेत्र में भारत की अभूतपूर्व प्रगति को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री जी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका पर विशेष बल देते हुए स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन एवं यंग लीडर डायलॉग जैसे मंचों का उल्लेख किया, जहाँ नवाचार, सृजनात्मकता और समाधान आधारित सोच के माध्यम से देश को नई दिशा प्राप्त हो रही है। साथ ही उन्होंने भारतीय परंपरा, संस्कृति एवं भाषाओं के संरक्षण से जुड़े प्रयासों—काशी-तमिल संगमम, फिजी में तमिल दिवस, कन्नड़ पाठशालाओं की पहल तथा शास्त्रीय संगीत के संवर्धन—का उल्लेख कर सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री जी ने हस्तशिल्प, महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आंध्र प्रदेश की नरसापुरम लेस क्राफ्ट को प्राप्त जी.आई. टैग, मणिपुर की महिला कारीगरों की पहलें तथा पुष्प-आधारित कृषि उद्यमों की सराहना की। उन्होंने कच्छ रणोत्सव की सांस्कृतिक भव्यता और पर्यटन क्षेत्र में उसकी वैश्विक पहचान का भी उल्लेख किया।
स्वास्थ्य विषयक संदेश देते हुए प्रधानमंत्री जी ने एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बचने का आग्रह किया तथा फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत शीत ऋतु में भी नियमित व्यायाम एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। विरासत संरक्षण के संदर्भ में उन्होंने जम्मू-कश्मीर के बारामूला क्षेत्र में प्राप्त बौद्ध स्तूपों के अवशेषों तथा Unsung Heroes वेबसाइट का उल्लेख कर राष्ट्र के गुमनाम नायकों को स्मरण करने की प्रेरणा दी।
अपने उद्बोधन के समापन पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देशवासियों को वर्ष 2026 के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए विकसित भारत के संकल्प को पुनः दोहराया तथा नए वर्ष में उत्साह, उत्तम स्वास्थ्य और सामूहिक प्रयासों के साथ राष्ट्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।





