राजस्थान

झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में जरूरतमंद बच्चों को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा लेखन सामग्री का सफल वितरण

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के शिक्षण एवं प्रशिक्षण विभाग के कम्युनिटी सर्विस क्लब एवं चाइल्ड राइट्स कनेक्ट एनजीओ द्वारा एनएसएस यूनिट-5 के सहयोग से समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा के विभिन्न झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में डोनेशन ड्राइव का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों और बच्चों तक आवश्यक सामग्री पहुँचाना तथा विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा एकत्रित कपड़े, स्टेशनरी सामग्री, खाद्य पदार्थ एवं जूस का वितरण विभिन्न गरीब बस्तियों में किया गया। आर्थिक रूप से जरूरतमंद बच्चों को कॉपी, पेंसिल, पेन और रंग आदि प्रदान किए गए, ताकि उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके। साथ ही जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी वस्त्र एवं खाद्य सामग्री देकर उनके दैनिक जीवन में सहयोग प्रदान किया गया।

विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में सहानुभूति, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

एनएसएस यूनिट-5 की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. श्रुति कंवर ने दान अभियान की सराहना करते हुए बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करती हैं तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बनती हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वंचित वर्गों की आवश्यकताओं को समझने, संसाधनों के उचित उपयोग और मानवीय मूल्यों को अपनाने के महत्व से भी अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह और समर्पण भाव से सामग्री वितरण में सक्रिय सहभागिता की।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने लोगों की सहायता हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया तथा मानवता और सेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर डॉ. यशवंत कुमार, डॉ. पूजा जैन (कम्युनिटी सर्विस क्लब समन्वयक) और एनएसएस के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!