खूब उड़ा रंग गुलाल,धूमधाम से खेली होली

औरंगाबाद( बुलंदशहर)कस्बे और आसपास के देहात में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बड़ों और बच्चों ने जमकर होली खेली और खूब रंग गुलाल उड़ाया। जगह जगह युवाओं की टोलियां मदमस्त होकर होली खेलतीं नाचते गाते थिरकते नजर आए। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडे ने कस्बे में पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस चाक चौबंद नजर आई। कहीं किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। त्यौहार शांति पूर्वक संपन्न होने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली।

होली महोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। जगह जगह लोगों ने होली खेली और एक दूसरे को रंग से सराबोर कर दिया। युवाओं, बच्चों, महिलाओं और बड़ों ने सभी आयु वर्ग के लोगों ने होली का पर्व उमंग और उत्साह पूर्वक मनाया तथा एक दूसरे से गले मिल रंग अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। घरों में पकवान बनाए गए और आगंतुक अतिथियों का स्वागत सत्कार किया।
सी ओ सिटी प्रखर पांडे ने भी कस्बे में पहुंच कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। थाना प्रभारी रामनरायण सिंह मय पुलिस बल जगह जगह घूमकर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रहे। बाइकर्स स्टंट करते भी नजर आए। आम तौर पर त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो जाने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल





