बुलन्दशहर

ग्राम पंचायत विकास योजनाओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण 

प्रधानों व सचिवों को दी महत्वपूर्ण जानकारी प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

पहासू (बुलंदशहर) गुरुवार को विकास खण्ड पहासू के सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिवों के लिए “ग्राम पंचायत डेवलपमेंट प्लान (GPDP/BPDP/DPDP)” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए योजनाओं के निर्माण, प्राथमिकताओं के निर्धारण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

पहासू ब्लाक सभागार गुरुवार की दोपहर ग्राम पंचायत विकास योजनाओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ प्रशिक्षक शिशुपाल यादव, विपिन कुमार राघव, खंड विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार शर्मा, सहायक विकास अधिकारी सत्यपाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षक शिशपाल यादव एवं विपिन कुमार राघव ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं के चयन तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से विकास कार्यों को गति देने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजनाओं का सही ढंग से निर्माण और क्रियान्वयन होने से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से संभव हो सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई जहां उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव सहित ग्राम प्रधानों को जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सत्यपाल सिंह ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना गांवों के विकास की आधारशिला है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों और सचिवों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए अपने-अपने गांवों में विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

रिपोर्टर उपेंद्र शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!