तमंचे के बल पर पशु व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाशों कि भारी लूट
मात्र छः घंटे में पुलिस ने दोनों को दबोच कर लूटी रकम की बरामद

औरंगाबाद (बुलंदशहर)गांव भंडोरिया के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने एक पशु व्यापारी को तमंचे से डरा धमकाकर तिरानवे हजार रुपए लूट लिए। लूटपाट,छीना-झपटी के दौरान एक बदमाश का मोबाइल मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने मात्र छः घंटे में घटना का सफलतापूर्वक अनावरण कर दोनों लुटेरों को दबोच कर लूटी गई रकम,बाइक, अवैध तमंचा और एक मोबाइल बरामद कर लिया। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
बी बी नगर के मौहल्ला गुलावठी रोड निवासी बाबू जी पुत्र सोमपाल अपने चचेरे भाई अमित पुत्र रमेश के साथ रविवार को स्याना पशु पैंठ में अपने पशुओं को बेचने गये थे। बाबू जी ने तिरानवे हजार रुपए में अपने पशुओं की बिक्री की और अमित ने सत्तर हजार रुपए में अपने पशुओं को बेचा। पशुओं को बेचने के बाद दोनों औरंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजगढ़ी में एक पशु खरीदने पहुंचे और चार हजार रुपए एडवांस दे कर एक पशु का सौदा कर वापस लौट रहे थे। गांव भंडोरिया और अनामिका शुगर मिल के बीच बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दोनों को रोक लिया और तमंचा कनपटी पर रखकर बाबूजी से तिरानवे हजार रुपए छीन लिये। अमित किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर भाग निकला। हाथापाई छीना-झपटी के दौरान एक बदमाश का मोबाइल मौके पर ही गिर गया। बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
बाबू जी ने पुलिस को सूचना दी। दिन दहाड़े हुई लूट की इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सी ओ सिटी प्रखर पांडे ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को बदमाशों को तत्काल दबोचने के कड़े निर्देश दिए।
थाना प्रभारी रामनरायण सिंह ने पुलिस बल और स्वाट टीम के साथ दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूट की रकम तिरानवे हजार रुपए, एक तमंचा और कारतूस घटना में प्रयुक्त बाइक यूपी 13 बी के 3897 और सेमसंग मोबाइल बरामद किया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी रामनरायण सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेश कुमार एस आई विक्रम सिंह,एस आई जीत सिंह एवं कांस्टेबल नीरज धामा तथा स्वाट टीम प्रभारी मौहम्मद असलम अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पकड़े गए अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
रिपोर्टर राजेंद्रर अग्रवाल






