भीषण गर्मी को देखते हुए फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने राहगीरों को वितरित किया जूस और मीठा पानी

नोएडा :फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन का मिशन है दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना। इसी भावना के तहत रविवार को फाउंडेशन ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए पहल की और दूसरों को भी आगे आने के लिए प्रेरित करने की मिसाल कायम की।

नवतपा यानी गर्मी के सबसे तपते 9 दिनों में राहगीरों को राहत देने के लिए फाउंडेशन के बच्चों ने सड़कों पर निर्माण स्थलों पर काम कर रहे मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को जूस, टैंग और रूह अफ़ज़ा का ठंडा शरबत पिलाया। बच्चों ने खुद अपने हाथों से शरबत तैयार किया और पूरे उत्साह से वितरित किया।
इस अवसर पर फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के निदेशक एवं फिजियोथेरेपिस्ट एवं एर्गोनोमिस्ट डॉ. महिपाल सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, विंसम स्टेप्स की प्रबंध निदेशक श्रीमती पूनम मिश्रा, फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुष्मिता भाटी, एडमिन हेड कृष्णा यादव, स्पेशल एजुकेटर एलिका रावत और फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह मौजूद रहे।
सेंटर मैनेजर सुरभि जैन ने बताया कि आज निर्जला एकादशी का दिन है और इस दिन जल वितरण का धार्मिक के साथ वैज्ञानिक महत्व भी है। नवतपा के इन दिनों में हीट वेव से बचाव जरूरी है। ऐसे सामाजिक कार्यों से बच्चे हमारी संस्कृति को समझते हैं और समाज की मुख्यधारा से जुड़ते हैं।
गर्मी में ठंडा शरबत पाकर श्रमिकों और राहगीरों के चेहरे खिल उठे। इन बच्चों ने लोगों की मदद कर एक मिसाल कायम की, जिससे अन्य लोगों को भी सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।






