‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत एवं जनभागीदारी का दिया संदेश
भाजपा ग्रेटर नोएडा मण्डल के सभी 118 बूथों पर हुआ ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण

ग्रेटर नोएडा:भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मण्डल द्वारा आज माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व में मण्डल के सभी 118 बूथों पर शत-प्रतिशत सामूहिक श्रवण कराया गया। कार्यक्रम के उपरांत प्रत्येक बूथ से उपस्थिति एवं गतिविधियों का विवरण सरल ऐप पर अपलोड किया गया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वदेशी तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक कृषि, ऊर्जा संरक्षण तथा जनभागीदारी जैसे विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के प्रथम छह महीनों में भारत ने रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। स्वदेशी युद्धपोतों, क्रूज़ मिसाइलों एवं रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता ने भारत की सामरिक शक्ति और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयाँ दी हैं।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान और दीर्घकालिक विकास का आधार है। उन्होंने विवाह जैसे अवसरों पर स्वर्ण खरीद में संयम बरतने की अपील को मिले सकारात्मक जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए इसे जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बताया।
ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री ने कार-पूलिंग, सार्वजनिक परिवहन और ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया। साथ ही किसानों से प्राकृतिक एवं रसायन-मुक्त खेती अपनाने तथा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा सकारात्मक प्रयास भी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम के उपरांत मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक सोच, राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता और जनसहभागिता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाकर विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






