नोएडा की सियासत में नई हलचल, मीडिया रणनीतिकार निखिल सिंघल 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल
NHRF अध्यक्ष निखिल सिंघल और पूर्व मंडल उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने थामा कांग्रेस का हाथ, फ्लैट रजिस्ट्री सहित नोएडा के नागरिक मुद्दों को पार्टी के एजेंडे में शामिल करने की मांग

नई दिल्ली : नोएडा के मीडिया एवं जनसंपर्क क्षेत्र से जुड़े उद्यमी और नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष निखिल सिंघल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड पर आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता श्री राजेंद्र पाल गौतम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर कांग्रेस के सह-प्रभारी श्री संजीव आर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
निखिल सिंघल के साथ नोएडा से आए 100 से अधिक समर्थक, युवा और विभिन्न पेशों से जुड़े लोग भी कांग्रेस में शामिल हुए। वैश्य समाज से आने वाले सिंघल लंबे समय से नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों के नागरिक मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनके साथ पूर्व मंडल उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। दिनेश मिश्रा वर्तमान में ब्राह्मण समाज महासंघ, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष हैं।
NHRF अध्यक्ष के रूप में निखिल सिंघल फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री, बिल्डर संबंधी समस्याओं, मेट्रो कनेक्टिविटी, सड़क, बिजली, पानी, सुरक्षा, प्रदूषण और लिफ्ट एवं फायर सेफ्टी जैसे मुद्दों को उठाते रहे हैं। इससे पहले वह सेक्टर-119 स्थित एल्डेको आमंत्रण सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह विगोर मीडिया वर्ल्डवाइड के संस्थापक हैं।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद निखिल सिंघल ने कहा, “सार्वजनिक जीवन से मेरा जुड़ाव हमेशा लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए काम करने से रहा है। पिछले कई वर्षों में नोएडा के लोगों के साथ काम करते हुए उनके मुद्दों को करीब से जानने का अवसर मिला है। कांग्रेस जैसे प्रमुख राजनीतिक मंच से जुड़कर मुझे जनसेवा के अपने संकल्प को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।”
श्री सिंघल ने कहा कि नोएडा में लाखों फ्लैट खरीदारों की लंबित रजिस्ट्री सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है। लोग जीवनभर की कमाई लगाकर घर खरीदते हैं, लेकिन वर्षों तक उन्हें अपने ही घर की रजिस्ट्री के लिए संघर्ष करना पड़ता है। यह केवल संपत्ति का नहीं, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवारों के सम्मान और अधिकारों का सवाल है। उन्होंने मेट्रो कनेक्टिविटी, यातायात, बिजली, पानी, प्रदूषण और हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट एवं फायर सेफ्टी को भी प्रमुख नागरिक मुद्दे बताया।
उन्होंने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी के मंच से इन मुद्दों को मजबूती से उठाऊंगा। मेरा प्रयास रहेगा कि नोएडा के आम नागरिकों, युवाओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों की आवाज सरकार एवं प्रशासन तक पहुंचे। साथ ही पूरी निष्ठा से कांग्रेस पार्टी को नोएडा में मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने के लिए काम करूंगा।”
प्रेस वार्ता के दौरान निखिल सिंघल ने कांग्रेस पार्टी से विशेष अनुरोध किया कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैट रजिस्ट्री का मुद्दा लाखों लोगों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने आग्रह किया कि कांग्रेस पार्टी इसे अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल करे, ताकि वर्षों से रजिस्ट्री की प्रतीक्षा कर रहे फ्लैट खरीदारों की समस्याओं को उचित राजनीतिक मंच पर उठाया जा सके। उल्लेखनीय है कि निखिल सिंघल ने 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही फ्लैट रजिस्ट्री के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
इस अवसर पर नोएडा शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। विभिन्न हाईराइज सोसाइटियों के AOA अध्यक्ष एवं सदस्यगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। गौतम बुद्ध नगर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक चोटीवाला एवं महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव भी मौजूद रहे।
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने निखिल सिंघल में अपना विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनके नेतृत्व और प्रयासों से नोएडा शहर में कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी। निखिल सिंघल ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आए सभी सम्मानित लोगों का हृदय से धन्यवाद किया।






