ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आईबीएम स्किल्सबिल्ड कार्यक्रम का आयोजन 

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को उभरती प्रौद्योगिकियों में उद्योग-प्रासंगिक कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से आईबीएम स्किल्सबिल्ड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह एलएमएस आधारित निःशुल्क ऑनलाइन लर्निंग पहल है, जिसके माध्यम से विशेष रूप से गैर-इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि के विद्यार्थी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम में एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ़ इंडिया की सहायक महासचिव डॉ. अंबिका शर्मा ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के न्यू-एज डिजिटल स्किल्स सीखने और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जनरेटिव एआई , साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, AI एथिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट जैसे विषयों में पाठ्यक्रम कर सकेंगे।

आईबीएम स्किल्सबिल्ड इंडिया के सीएसआर जनरल मैनेजर श्री संजीव सरन ने बताया कि पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को आईबीएम स्किल्सबिल्ड क्रेडेंशियल्स एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। योग्य विद्यार्थियों को प्रदर्शन एवं पात्रता के आधार पर वर्चुअल इंटर्नशिप का अवसर भी मिल सकता है।

स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की डीन डॉ. इंदु उप्रेती ने कहा कि यह पहल कौशल-आधारित शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ़ इंडिया, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और स्मार्ट ब्राइंस इंजीनियर्स एंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह में श्री प्रमोद सूरी, श्री चिन्मय कुमार दाश, श्री सप्तमन्यु राय, सुश्री अंशू शर्मा, श्री बिनीत कुमार और श्री आनंद पांडे सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!