“संस्कृत केवल एक भाषा ही नहीं है अपितु एक जीवनशैली भी है -आनन्दा हिमानी”

ग्रेटर नोएडा:स्वीडन निवासी संस्कृता नुरागिणी महोदया आनंदा हिमानी जी के साथ भगवत प्रशाद शर्मा के साथ विशेष संवाद :-
प्र० 1 :-आपको हमारा देश
(भारत-वर्ष) और हमारी संस्कृति कैसी लगती है ?
उ० :- बहुत ही प्रिय, आप बहुत भाग्यशाली हैं कि आपका जन्म ऋषियों की इस महान और पावन भारत-भूमि पर हुआ है। काश मेरा भी जन्म यहीं पर होता। भारत-वर्ष मेरी आत्मा है।
प्र० 2 :- आप किस बात से प्रभावित होकर भारत-भूमि से और यहाँ की संस्कृति से इतना लगाव करती हैं ?
उ० :- एक बार जब मैंने एक स्थान पर बहुत से लोगों को ॐ……… का जाप करते हुए देखा तो मैं ओंकार नाद सुनकर बहुत प्रभावित हुई।ॐ कार नाद मेरी आत्मा को छू गया। मेरा मन और मेरी आत्मा भारत और भारत की संस्कृति में रच बस गयी।
प्र० 3 :- क्या फिर आपने भी ॐ नाम का जाप किया ?
उ० :- ज़ी हाँ मैं नियमित रूप से ॐ नाम का जाप करती हूँ। ओंकार नाद इस सम्पूर्ण सृष्टि में बहुत ही अलौकिक फलों को देने वाला है।
प्र० 4:- आप नियमित रूप से ॐ नाम का जाप करती हैं आपको उसके कोई परिणाम मिले ?
उ० :- जी हाँ ॐ नाम का नियमित जाप करने से मेरे जीवन में अनेक परिवर्तन आये हैं। जैसे कि मैं अब पहले से अधिक आनन्दित रहने लगी हूँ। दु:ख की घड़ी में भी मैं शांन्ति का अनुभव करती हूँ। मेरे आत्मबल में भी बहुत वृद्धि हुई है।
प्र० 5:-योग और प्रणायाम के बारे में आपके क्या अनुभव रहे हैं।
उ० :-योग और प्रणायाम से शरीर और मन दोनों को अपार शक्ति मिलती है। स्वस्थ जीवन जीने के लिये ये महा-औषधि है।
योग के बाद मन बहुत ही अधिक आनंदित रहता है। योग जीवन जीने की एक बहुत बड़ी कला है।
प्र० 6:-आपको संस्कृत भाषा इतनी प्रिय क्यों है।आप संस्कृत भाषा का इतना शुद्ध उच्चारण कर लेती हैं ये सब कैसे सम्भव हुआ ?
उ० :-मैंने संस्कृत का पहला शब्द जो सुना वो ॐ कार नाद था
एक ध्यान शिविर योग में जब मैंने पहली बार वहाँ ऐसे लोगों को देख कि वो सब शांति से बैठकर ओमकार नाम का उच्चारण कर रहे थे। वहाँ पर मैंने संस्कृत भाषा का पहला शब्द सुना वह ओमकारा नाद था। वहीं से ही मेरे मन में संस्कृत भाषा के लिये विशेष लगाव उत्तपन्न हो गया
जब हम संस्कृत भाषा का उच्चारण करते हैं तो उसका दिव्य कंपन होता है और वातावरण को भी शुद्धि प्राप्त होती है। वेद मंत्रों के रहस्यों को जानने के लिये संस्कृत भाषा का ज्ञान बहुत ही ज़रूरी है। इसलिये मैंने संस्कृत भाषा को चुना है।
प्र० 7:-संस्कृत के अध्ययन में आपको कठिनाइयाँ आयी होंगी। आपने कहाँ पर संस्कृत भाषा का ज्ञान प्राप्त किया है ?
उ० :-संस्कृत सीखने की इच्छा मुझे भारत वर्ष खींच लायी क्योंकि स्वीडन में संस्कृत के अध्यापक नहीं है। मेरी आयु 19 वर्ष की थी जब मैं पढ़ाई के लिए गंगोत्री गई वहाँ किसी ने बताया कि संस्कृत भारती नाम की एक संस्था है और उसके बाद में बंगलौर गयी वहाँ पर मैंने छः महीने तक लगातार संस्कृत का अध्ययन किया। संस्कृत केवल एक भाषा ही नहीं है जीवनशैली भी है यह एक चिंतन भी है और व्यवहार भी है।






