हर घर तिरंगा अभियान के तहत श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा जागरूकता रैली

दनकौर:श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को भव्य तिरंगा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कॉलेज प्रांगण से हुआ, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” तथा स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता से जुड़े जोशीले नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
इस अवसर पर कॉलेज के सचिव रजनीकांत अग्रवाल जी ने कहा कि “तिरंगा हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि तिरंगे का सम्मान केवल स्वतंत्रता दिवस तक सीमित न रहे, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी निष्ठा हमारे दैनिक आचरण में दिखाई दे।”
प्राचार्य डॉ. गिरिश कुमार वत्स ने कहा कि “स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। इसलिए इसे सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा पीढ़ी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उनमें देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।”
उप-प्राचार्य एवं IQAC समन्वयक डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि “तिरंगा हमारी विविधता में एकता का संदेश देता है। विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई यह रैली केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास है कि स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।”
रैली के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि “तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारे त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। हमें स्वतंत्रता को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी के रूप में भी समझना चाहिए। आजादी को बनाए रखना केवल सीमाओं पर तैनात सैनिकों का दायित्व नहीं है; प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करके राष्ट्र की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की रक्षा करनी है।”
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भाव और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनें।
रैली में कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और जिम्मेदारी की भावना के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।






