दनकौर

103वें श्री कृष्ण जन्मोत्सव मेले में हुआ विशाल कुश्ती दंगल, भोली पहलवान जुनेदपुर ने जीती सबसे बड़ी कुश्ती

दनकौर( गौतमबुद्ध नगर )श्री द्रोण गौशाला समिति (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक 103वें श्री कृष्ण जन्मोत्सव मेले के अवसर पर रविवार, 06 सितम्बर 2026 को दनकौर में भव्य एवं विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल का शुभारंभ नगर पंचायत दनकौर के प्रतिनिधि श्री दीपक सिंह ने फीता काटकर किया।

दंगल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच एवं कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। दर्शकों ने तालियों एवं उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।

दंगल की सबसे बड़ी एवं प्रमुख कुश्ती का मुकाबला भोली पहलवान, जुनेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम किया। उनकी जीत पर दर्शकों ने तालियों एवं जयकारों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस रोमांचक मुकाबले ने दंगल में मौजूद दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

दंगल की प्रमुख इनामी कुश्तियों में प्रथम कुश्ती के विजेता को 11,000/- रुपये, द्वितीय कुश्ती के विजेता को 5,100/- रुपये तथा तृतीय कुश्ती के विजेता को 4,100/- रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य कुश्तियों के लिए 3,100/- रुपये एवं 2,100/- रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई।

इस अवसर पर श्री द्रोण गौशाला समिति (रजि.) के प्रबंधक  रजनीकान्त अग्रवाल ने कहा कि दनकौर का श्री कृष्ण जन्मोत्सव मेला अपनी 103 वर्षों की गौरवशाली एवं ऐतिहासिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। कुश्ती दंगल इस मेले का प्रमुख आकर्षण है और इसके माध्यम से भारतीय पारंपरिक कुश्ती एवं ग्रामीण खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को पारंपरिक खेलों तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नगर पंचायत दनकौर के प्रतिनिधि  दीपक सिंह ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव मेला दनकौर की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने दंगल में प्रतिभाग करने वाले सभी पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दंगल के अवसर पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष  राकेश कुमार गर्ग,  मोहित कुमार गर्ग, प्रबंधक  रजनीकान्त अग्रवाल, सदस्य  सुशील कुमार मांगलिक,  संजय गोयल,  मनीष सिंघल,  मनोज त्यागी,  सोनू वर्मा (सांसद प्रतिनिधि), राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय महामंत्री (क्रीड़ा) श्री प्रसाद महानकर जी,  ललित जी, डॉ० अम्बुज गर्ग एवं  पवन खटाना (राष्ट्रीय महामंत्री, भारतीय किसान यूनियन आरा०)  राजे प्रधान (नवादा),  ध्रुव गोयल सहित दनकौर नगर पंचायत के सभासदगण उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने रोमांचक कुश्ती मुकाबलों का आनंद लिया और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। समिति की ओर से सभी सहयोगियों, स्थानीय नागरिकों एवं कुश्ती प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्ट- ओम प्रकाश गोयल मुख्य संपादक ग्लोबल न्यूज 24×7

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!