बागपत

23 नवम्बर 2026 से होगा पूर्व मंत्री चौधरी साहब सिंह की जनजागरण यात्रा का शुभारम्भ

1 महीने तक चलने वाली इस जन जागरण यात्रा में पूर्व मंत्री चौधरी साहब सिंह किसानों के हितों की रक्षा और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर करेंगे आवाज बुलंद

बागपत (उत्तर प्रदेश) उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी साहब सिंह ने किसानों के हितों की रक्षा, जनसमस्याओं के समाधान और किसान मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जन जागरण यात्रा निकालने का ऐलान किया है। बागपत नगर स्थित सरिता गार्डन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने यात्रा की रूपरेखा साझा करते हुए किसानों, ग्रामीणों और आम जनता से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। चौधरी साहब सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कभी जाति, धर्म, अमीर-गरीब का भेदभाव नहीं किया। उनके लिए सभी वर्गों के लोग समान हैं। वह हमेशा हर व्यक्ति के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं और आगे भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद पाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। उन्होंने चीनी के लगातार बढ़ते दामों को देखते हुए किसानों के हित में गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा आवारा पशुओं से हो रही दुर्घटनाओं, बंदरों और कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं तथा नहरों में पानी नहीं पहुंचने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आवारा पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। इन समस्याओं को कई बड़े मंचों पर उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। कहा कि इन प्रमुख समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी चिंता का विषय है। इस अवसर पर एक राजनीतिक सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह एनडीए में हैं और बड़ौत विधानसभा से एनडीए के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। टिकट मिले या न मिले, उनका चुनाव लड़ना तय है। जरूरत पड़ी तो किसी अन्य पार्टी अथवा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए वह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 2026 को ग्राम बाघू संतोषपुर से जन जागरण यात्रा का शुभारंभ होगा, जबकि 23 दिसंबर 2026 को चौधरी चरण सिंह जी की 125वीं जयंती पर जैन कॉलेज, बड़ौत के सी-फील्ड में विशाल जनसभा के साथ यात्रा का समापन किया जाएगा। जनजागरण यात्रा के सन्दर्भ में प्रसिद्ध समाजसेवी भारत गौरव ने दूरभाष के माध्यम से चौधरी साहब सिंह की जन जागरण यात्रा को जनसमस्याओं, किसान हितों और ग्रामीणों की आवाज को बुलंद करने की एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसी यात्राओं से जनता के मुद्दों को उचित मंच मिलता है और उनके समाधान की दिशा में नई उम्मीद जागती है। पत्रकार वार्ता में दिनेश प्रधान (सरिता गार्डन), कासिम चौधरी, धवित चौधरी, सोनू, महामहिम राष्ट्रपति जी व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन सहित अनेकों पत्रकार व लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर विवेक जैन

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!