धीरज उज्जवल ने ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित, विकास में उनके योगदान को सराहा
प्रधान गांव के विकास की मजबूत कड़ी हैं, उनकी मेहनत और समर्पण से ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखी जाती है - धीरज उज्जवल

बागपत( उत्तर प्रदेश) बड़ौत से बागपत की और जाने वाले नेशनल हाईवे 709बी पर स्थित उज्जवला मैरिज होम में मैरिज होम के मालिक, जिला पंचायत सदस्य एवं राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्जवल की ओर से छपरौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर तथा चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गणमान्य लोगों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धीरज उज्जवल ने कहा कि ग्राम प्रधान ग्रामीण लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांव के विकास, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में प्रधानों की भूमिका बेहद अहम होती है। प्रधान जनता और शासन-प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। गांव की समस्याओं को समझकर उनका समाधान कराने और विकास कार्यों को गति देने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण से ही गांवों की तस्वीर बदलती है। समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ऐसे जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उनका यह सम्मान केवल एक प्रशस्ति पत्र या प्रतीक चिह्न नहीं, बल्कि उनके कार्यों के प्रति सम्मान और आभार का प्रतीक है।
इस अवसर पर समाजसेवी रविन्द्र हटटी रंछाड़ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि धीरज उज्जवल द्वारा ग्राम प्रधानों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के सम्मान में इतना सुंदर और भव्य कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। इस प्रकार के आयोजन उन लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज और गांवों की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को और अधिक ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती है। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे, एकजुटता और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाशो देवी ने की, जबकि संचालन वीरेन्द्र राणा ने किया। इस दौरान राजू तोमर सिरसली, विनोद तोमर, मदन उज्जवल, चौधरी रामकुमार, गुल्लु लुम्ब, रिषी प्रधान, गुड्डू, विकास हेवा, गुलाब, उज्जवल खोखर, प्रधान सनुज राठी, जितेन्द्र मलिक, रईसुद्दीन, महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, अमरजीत प्रधान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लेखराज प्रधान, समाजसेवी रविन्द्र हटटी रंछाड़, आशीष छपरौली सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर विवेक जैन






