ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय भू-स्थानिक पुरस्कार 2026 में बेस्ट यूनिवर्सिटी अवॉर्ड

कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह को नेशनल जियोस्पेशियल फैकल्टी फेलो अवॉर्ड; लगातार पांचवें वर्ष स्टैनफोर्ड की शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू ), ग्रेटर नोएडा ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को नेशनल जियोस्पेशियल अवॉर्ड्स 2026, संस्करण-03 के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘बेस्ट यूनिवर्सिटी नेशनल (ज्यूरी) अवॉर्ड’ के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान भू-स्थानिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के योगदान, क्षमता निर्माण, शैक्षणिक गतिविधियों तथा जन-जागरूकता के प्रयासों के लिए प्रदान किया जाएगा।

इन पुरस्कारों का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे की स्पेस एंड जियोस्पेशियल एफ ओ एस एस ई ई (FOSSEE) परियोजना (एन एम ई आई सी टी ) तथा रूरल डेटा रिसर्च एंड एनालिसिस (आर यू डी आर ए ) लैब द्वारा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का चयन निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति द्वारा किया गया है।

इस उपलब्धि के साथ गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में भू-स्थानिक शिक्षा के विस्तार के लिए प्रदेश के सभी 80 जनपदों के नोडल केंद्र के रूप में कार्य करने की योजना बना रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न जनपदों में भू-स्थानिक विज्ञान, तकनीकी प्रशिक्षण, शोध एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2027 से जियोस्पेशियल डेटा साइंस में स्नातकोत्तर (मास्टर्स) कार्यक्रम प्रारंभ करने की योजना भी बना रहा है। इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को जीआईएस , रिमोट सेंसिंग, भू-स्थानिक तकनीक एवं डेटा विश्लेषण जैसे उभरते क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान की जाएगी। इससे प्रदेश में कुशल मानव संसाधन विकसित करने के साथ रोजगार और अनुसंधान की नई संभावनाएं भी सृजित होंगी।

विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह को भी व्यक्तिगत श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘नेशनल जियोस्पेशियल फैकल्टी फेलो अवॉर्ड’ के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान भू-स्थानिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके शोध योगदान तथा उत्तर प्रदेश में क्षमता निर्माण एवं जन-जागरूकता संबंधी पहलों के लिए प्रदान किया जाएगा।

प्रो. सिंह ने लगातार पांचवें वर्ष स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी एवं एल्सेवियर की वर्ष 2026 की विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त किया है। पर्यावरण अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उन्हें वैश्विक स्तर पर 931वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह रैंकिंग शोध पत्रों के उद्धरण, अकादमिक उत्पादकता एवं शोध के प्रभाव जैसे मानकों पर आधारित है।

वर्तमान में पर्यावरण विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत प्रो. चंदर कुमार सिंह भूजल में आर्सेनिक प्रदूषण पर अपने महत्वपूर्ण शोध के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखते हैं। उन्होंने वर्ष 2003 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बी एचए यू ) से रसायन विज्ञान में स्नातकोत्तर तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू ) से पर्यावरण विज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

वर्ष 2024 में उन्हें लंदन की प्रतिष्ठित रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री की फेलोशिप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्विट्जरलैंड के असकोना में इंटरनेशनल यूनियन ऑफ जियोलॉजिकल साइंसेज द्वारा उन्हें यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड भी प्रदान किया जा चुका है। उनके लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वे अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन, जियोकेमिकल सोसाइटी ऑफ अमेरिका, इंटरनेशनल वाटर एसोसिएशन तथा इंडियन सोसाइटी ऑफ रिमोट सेंसिंग जैसी संस्थाओं के सदस्य हैं।

सिंधु नदी बेसिन में आर्सेनिक प्रदूषण पर उनका शोध विशेष रूप से चर्चित रहा है और इसे भारतीय वैज्ञानिकों की 15 सर्वाधिक चर्चित शोध उपलब्धियों में भी स्थान मिला है। उनका शोध भूजल प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण तथा सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ा है।

उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के कादीराबाद गांव के निवासी प्रो. चंदर कुमार सिंह एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता कैप्टन मोहन सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत, समर्पण और अकादमिक प्रतिबद्धता के बल पर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में पहचान स्थापित करना उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि है। उनकी सफलता चंदौली जनपद और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को संस्थागत श्रेणी में प्रदान किए जाने वाले ‘बेस्ट यूनिवर्सिटी नेशनल (ज्यूरी) अवॉर्ड’ तथा प्रो. चंदर कुमार सिंह को व्यक्तिगत श्रेणी में मिलने वाले ‘नेशनल जियोस्पेशियल फैकल्टी फेलो अवॉर्ड’ का वितरण 1 दिसंबर 2026 को आईआईटी बॉम्बे के दीक्षांत समारोह सभागार में किया जाएगा।

यह समारोह ‘ओपन सोर्स जियोस्पेशियल डे सेलिब्रेशन’ तथा ‘ओपन सोर्स स्पेस एंड जियोस्पेशियल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी फॉर एकेडेमिक्स, इंडस्ट्री एंड पॉलिसी मेकर्स’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के अंतर्गत संपन्न होगा।

विश्वविद्यालय के लिए यह दोहरी उपलब्धि संस्थागत उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय शोध प्रतिष्ठा का महत्वपूर्ण प्रमाण है। इससे भू-स्थानिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की पहचान मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को अनुसंधान, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!