द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस

दनकौर: श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज, दनकौर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बाल दिवस के अवसर पर एक विचारोत्तेजक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
कार्यक्रम का संचालन कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव (पिंटू) ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में पंडित नेहरू के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा स्वतंत्रता के पश्चात देश के विकास के लिए किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने आधुनिक भारत के निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नेहरू जी की प्रसिद्ध पुस्तक The Discovery of India के महत्वपूर्ण पक्षों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में भारत की प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना का व्यापक चित्रण मिलता है। नेहरू जी ने भारत की विविधता में एकता को उसकी सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों, अधिकारों, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का दिन भी है।
महाविद्यालय की उपप्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश का वास्तविक भविष्य मानते थे। उनका विश्वास था कि बच्चों को उचित शिक्षा, संस्कार, स्वतंत्र चिंतन और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करके ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम, जिज्ञासा एवं मानवीय मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का व्यक्तित्व भारतीय इतिहास में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण के लिए शिक्षा, विज्ञान, तकनीकी विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र का भविष्य युवा पीढ़ी के चरित्र, शिक्षा और सकारात्मक सोच पर निर्भर करता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
संगोष्ठी के दौरान विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने भी पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, बच्चों के प्रति उनके स्नेह तथा राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संगोष्ठी का समापन नेहरू जी के आदर्शों, शिक्षा के महत्व और राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका के संदेश के साथ हुआ।






