बाल दिवस पर बीडीआरडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुआ भव्य आयोजन, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

दनकौर:आज बिशम्बर दयाल राममूर्ति देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दनकौर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे व पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन कर के उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हरिओम शमा ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम का सफल संयोजन राकेश चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर संजय दीक्षित ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, प्रतिभा को निखारने तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
बाल दिवस के विशेष अवसर पर विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं मेहंदी, थाल सज्जा प्रतियोगिता, राखी बनाओ प्रतियोगिता,मटकी-बांसुरी सजाओ प्रतियोगिता, विज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय परिसर में शारीरिक शिक्षक यशवीर नागर के द्वारा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार की मनोरंजक एवं रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह जी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।
समग्र रूप से बाल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए आनंद, उत्साह, प्रेरणा और उपलब्धियों से परिपूर्ण यादगार अवसर बना।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य राजकुमार शर्मा, विनोद कुमार सिंह, रामवीर सिंह, पवन ठाकुर, गौरव सिंह, अरविंद पंवार, रूबी चौधरी, भावना शर्मा, सुनीता शर्मा, ज्योति शर्मा, अंशु नागर वर्षा शर्मा एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रगान के उपरांत कार्यक्रम का समापन किया गया






