श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में जेवर विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन
18 प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता; लगभग 5,000 युवाओं का पंजीकरण, 1,376 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार, 746 अभ्यर्थी चयनित एवं शॉर्टलिस्ट

दनकौर :उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतम बुद्ध नगर एवं श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर के संयुक्त तत्वावधान में जेवर विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह एवं जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम के मार्गदर्शन में जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती मनीषा अत्री के नेतृत्व में आयोजित इस रोजगार मेले में 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की।
रोजगार मेले में शेपर्स हायर टैलेंट सर्विसेज, के.बी. एंटरप्राइजेज, धर्मपाल सत्यपाल फूड्स लिमिटेड, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, आर.एस.टी. ग्रुप ऑफ सर्विसेज, आर्या फैशन्स, वेविन लिमिटेड, युवा शक्ति फाउंडेशन सहित अन्य कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से भाग लिया।
इस रोजगार मेले में लगभग 5,000 युवाओं ने पंजीकरण कराया। इनमें से 1,376 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत साक्षात्कार में प्रतिभाग किया, जबकि कुल 746 अभ्यर्थियों को चयनित एवं शॉर्टलिस्ट किया गया। युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता और कंपनियों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण रोजगारपरक उपलब्धि बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अति विशिष्ट अतिथि श्री अभिषेक शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा, गौतम बुद्ध नगर तथा विशिष्ट अतिथियों श्री राकेश कुमार गर्ग, अध्यक्ष, श्री द्रोण गौशाला समिति (रजि.), दनकौर; श्री मुंशीलाल गौतम भूतपूर्व विधायक विधान सभा शिकारपुर ,श्रीमती मनीषा अत्री, जिला सेवायोजन अधिकारी, गौतम बुद्ध नगर एवं श्री रजनीकांत अग्रवाल, प्रबंधक, श्री द्रोण गौशाला समिति, (रजि .) दनकौर एवं सदस्यगण श्री सुशील कुमार मांगलिक, वैभव वर्मा, श्री मनीष सिंघल , श्री दीपांशु मित्तल , श्री विकास कुमार गोयल एवं सोनू वर्मा जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर श्री अभिषेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार मेले युवाओं और रोजगार प्रदाता कंपनियों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं को शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती मनीषा अत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के बदलते स्वरूप के अनुरूप कौशल विकास, तकनीकी दक्षता एवं निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रोजगार मेले के सफल आयोजन में श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज द्वारा प्रदान किए गए उत्कृष्ट सहयोग की सराहना करते हुए महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, उप-प्राचार्या एवं समस्त सहयोगी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय के सचिव/प्रबंधक श्री रजनीकांत अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षिक, व्यावसायिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। रोजगार मेले जैसे आयोजन विशेष रूप से ग्रामीण एवं क्षेत्रीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस आयोजन को युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक सार्थक एवं सराहनीय प्रयास बताया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार प्राप्त करने के लिए कौशल, संप्रेषण क्षमता, व्यावहारिक ज्ञान एवं आत्मविश्वास भी आवश्यक हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सभी सहभागी कंपनियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
रोजगार मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महाविद्यालय की उप-प्राचार्या एवं IQAC समन्वयक डॉ. रश्मि गुप्ता की कार्यक्रम समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का पंजीकरण, उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप प्रारंभिक चयन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया संचालित की गई। लगभग 5,000 युवाओं का पंजीकरण, 1,376 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार तथा 746 अभ्यर्थियों का चयन एवं शॉर्टलिस्ट होना आयोजन की उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता और कंपनियों की सक्रिय भागीदारी ने रोजगार मेले को विशेष सफलता प्रदान की।
डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर, कुशल एवं रोजगार योग्य बनाना भी है। ऐसे रोजगारोन्मुखी आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं योग्यता प्रदर्शित करने तथा सीधे रोजगार प्रदाताओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय युवाओं के करियर निर्माण और कौशल विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करता रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, जिला सेवायोजन कार्यालय की टीम, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।
जेवर विधानसभा स्तरीय इस रोजगार मेले में 746 अभ्यर्थियों का चयन एवं शॉर्टलिस्ट होना क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक उत्साहजनक उपलब्धि है। यह आयोजन न केवल युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने में सफल रहा, बल्कि ग्रामीण एवं क्षेत्रीय स्तर पर कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।






