साहित्य जगत

पुस्तक मेला कार्निवाल में साहित्य और रचनात्मकता का उत्सव, 15 अक्टूबर को होगा ‘शब्द सम्मान 2026’

वर्ड हंट कार्यशाला में प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, पारदर्शी लकी ड्रॉ में सूरज कुमार बने विजेता

प्रयागराज: पुस्तक मेला कार्निवाल में साहित्य, रचनात्मकता और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों का सिलसिला लगातार जारी है। भव्य कराओके संध्या के बाद आज ‘अर्ज़ है’ कम्युनिटी की ओर से एक रोचक वर्ड हंट (शब्द खोज) कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी शब्द क्षमता, रचनात्मक सोच तथा साहित्य के प्रति रुचि का परिचय दिया।

कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को शब्दों की दुनिया से जोड़ने और साहित्यिक गतिविधियों के प्रति आकर्षित करने का प्रयास किया गया। ‘अर्ज़ है’ कम्युनिटी लगातार विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के जरिए साहित्य प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान कर रही है।

15 अक्टूबर को होगा ‘शब्द सम्मान 2026’ समारोह

पुस्तक मेला कार्निवाल के मंच पर गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को ‘शब्द सम्मान 2026’ समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आने वाले लेखक, साहित्यकार और कवि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साहित्य एवं रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

यह समारोह साहित्यकारों और कवियों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसके साथ जनकवि प्रकाश की नवीनतम पुस्तक का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।

पारदर्शी लकी ड्रॉ में सूरज कुमार बने विजेता

कार्निवाल के अंतर्गत 14 अक्टूबर को लकी ड्रॉ निकाला गया। पूरी प्रक्रिया सभी की उपस्थिति में वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ संपन्न की गई, ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। इस लकी ड्रॉ में सूरज कुमार का नाम विजेता के रूप में निकला।

आयोजकों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य पुस्तक मेले में आने वाले पाठकों और आगंतुकों के उत्साह को बढ़ाना तथा उनके लिए आयोजन को और भी यादगार बनाना है।

16 से 18 अक्टूबर तक होंगे पुस्तक चर्चा और विचार-विमर्श

पुस्तक मेला कार्निवाल में आगामी 16, 17 और 18 अक्टूबर को भी मंच पर अनेक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पुस्तक चर्चा, साहित्यिक विचार-विमर्श और रचनात्मक संवाद प्रमुख आकर्षण होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से लेखकों, पाठकों, कवियों और साहित्य प्रेमियों को अपने विचार साझा करने तथा पुस्तकों के महत्व पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।

पुस्तक मेला कार्निवाल का उद्देश्य केवल पुस्तकों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रयागराज में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना, साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और समाज में पुस्तकों के प्रति रुचि विकसित करना भी है।

पुस्तक मेला कार्निवाल 9 से 18 अक्टूबर 2026 तक लक्ष्मी नारायण वाटिका, दरभंगा कॉलोनी, लाऊदर रोड, प्रयागराज में आयोजित किया जा रहा है। पुस्तक प्रेमियों और शहरवासियों के लिए यह आयोजन साहित्य, ज्ञान, संवाद और रचनात्मकता से जुड़ने का एक विशेष अवसर है।

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!