चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट ने किया भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित

बागपत( उत्तर प्रदेश) चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल के सभागार में वीरांगना एवं भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में देश की सीमाओं की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित कर उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सैनिक पुनर्वास कल्याण अधिकारी कर्नल शैलेंद्र तालियान ने कहा कि फौज देश का स्वाभिमान है और फौजी देश की शान हैं। वीरांगनाएं एवं भूतपूर्व सैनिक हमारे लिए परम आदरणीय हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ अनिल तोमर बावली ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना के जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम के कारण संभव हो पाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ मनीष तोमर ने कहा कि पूर्व सैनिक ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने अपने आज, अपनी जवानी और अपने जज्बे को देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित कर दिया।
एक सैनिक तपती धूप, कड़ाके की ठंड और दुर्गम पहाड़ों में रहकर दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करता है। वह अपने परिवार तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे देश को अपना परिवार मानकर उसकी सुरक्षा के लिए समर्पित रहता है। कैंसर विशेषज्ञ डॉ तरुण तोमर ने कहा कि सैनिक की वर्दी भले ही उतर जाए, लेकिन उसके भीतर का सैनिक कभी रिटायर नहीं होता। देश के प्रति उसका समर्पण और सेवा का भाव जीवनभर कायम रहता है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे रवि शास्त्री ने कहा कि हम सभी सुरक्षित वातावरण में आराम से जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जबकि हमारे जवान दिन-रात देश की सीमाओं पर पहरा देकर राष्ट्र की रक्षा में जुटे रहते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र संकल्प और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें, तभी राष्ट्र और अधिक सुदृढ़ बनेगा। समारोह के दौरान डॉ मनीष तोमर एवं डॉ तरुण तोमर ने 221 भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह, डॉ शस्या तोमर, डॉ आशीष चौधरी, डॉ हरेंद्र सिंह, डॉ अखिलेश सिंह, प्रोफेसर सुरेंद्र पाल आर्य, धर्मपाल सिंह त्यागी, महामहिम राष्ट्रपति जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, राष्ट्र वर्धन मुनि, उदय मुनि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रिपोर्टर विवेक जैन






