गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और लैट्रिक्स इंडिया के बीच समझौता, भू-स्थानिक अनुसंधान एवं कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU), ग्रेटर नोएडा ने हैदराबाद स्थित लैट्रिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों, संयुक्त अनुसंधान, नवाचार, परामर्श सेवाओं एवं कौशल विकास में शैक्षणिक-औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर आज हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य शैक्षणिक शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच अंतर को कम करते हुए विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों के लिए नए अवसर सृजित करना है।
समझौता हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने की। इस अवसर पर प्रभारी कुलसचिव प्रो. चन्दर कुमार सिंह, अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. राजीव वार्ष्णेय, अधिष्ठाता (अनुसंधान एवं नियोजन) प्रो. धनलक्ष्मी सहित विश्वविद्यालय के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। लैट्रिक्स इंडिया का प्रतिनिधित्व प्रबंध निदेशक श्री बालाजी नागराजन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री संजय पाठक ने किया। विश्वविद्यालय का पर्यावरण विज्ञान विभाग, जिसने शैक्षणिक सत्र 2026–27 से एम.एससी. जियोस्पेशियल डेटा साइंस (MGDS) कार्यक्रम प्रारंभ किया है, इस समझौते का नोडल विभाग रहा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. चिंतला शिवसाई एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. भास्वती बनर्जी भी उपस्थित रहीं।
इस सहयोग के अंतर्गत LiDAR, UAV एवं ड्रोन आधारित सर्वेक्षण, एरियल फोटोग्रामेट्री, रिमोट सेंसिंग, भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS), GeoAI, WebGIS तथा स्थानिक विश्लेषण जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समझौते का एक महत्वपूर्ण प्रावधान शिक्षण एवं अनुसंधान के लिए आपसी सहमति से उच्च-रिज़ॉल्यूशन हवाई चित्रों, LiDAR पॉइंट-क्लाउड डेटा, डिजिटल सरफेस मॉडल (DSM), डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM) तथा GIS-अनुकूल डेटासेट की शैक्षणिक उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इस साझेदारी के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण, संयुक्त पाठ्यक्रम विकास, विशेषज्ञ व्याख्यान, कार्यशालाएँ, संकाय विकास कार्यक्रम, छात्र इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट एवं तकनीकी मार्गदर्शन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पर्यावरण निगरानी, शहरी एवं अवसंरचना नियोजन, बाढ़ विश्लेषण, कृषि, प्राकृतिक संसाधन मूल्यांकन, आपदा प्रबंधन तथा जलवायु अनुकूलन जैसे क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान एवं परामर्श सेवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रस्तावित उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) एवं प्रशिक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से व्यावहारिक शिक्षा, तकनीकी दक्षता तथा अंतःविषय अनुसंधान को सुदृढ़ किया जाएगा। दोनों संस्थान संयुक्त शोध प्रस्तावों, वैज्ञानिक प्रकाशनों एवं प्रायोजित परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी कार्य करेंगे। तीन वर्षीय यह समझौता शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को नई दिशा देने तथा प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।






