ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में दो दिवसीय टेक फेस्ट ‘एक्मे 2026’ का भव्य समापन; उद्योग-अकादमिक पैनल चर्चा रहा मुख्य आकर्षण

ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू), ग्रेटर नोएडा के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में 18 और 19 नवंबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय तकनीकी महोत्सव ‘एक्मे 2026 – इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का महाकुंभ’ का उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हुआ। महोत्सव के पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक छात्रों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया, और दूसरे दिन भी प्रतिभागियों में वही जोश और रचनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। सजावट टीम के सभी छात्रों ने अपनी कलात्मक रचनात्मकता से पूरे परिसर को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

दूसरे और अंतिम दिन का मुख्य आकर्षण ‘उद्योग-अकादमिक पैनल चर्चा’ रहा। इस महत्वपूर्ण पैनल चर्चा में कनेक्ट फिटिंग्स, सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड, विंगस्पैन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, क्रिएटिव डिज़ाइन कंसल्टेंट्स एंड इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड (सीसीईपीएल), फ्रेंचाइज़ बताओ, गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) जैसी प्रमुख कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन कॉर्पोरेट दिग्गजों ने छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए और अकादमिक शिक्षा तथा उद्योग की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर गहन मंथन किया। पैनल विशेषज्ञों ने छात्रों को व्यावहारिक समस्याओं के समाधान, नए कौशल सीखने, सकारात्मक दृष्टिकोण (पॉजिटिव एटीट्यूड) अपनाने, बीआईएस मानकों की समझ और उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करने के व्यावहारिक मंत्र दिए।

दूसरे दिन छात्रों की तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता को परखने के लिए कई रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) क्विज़ में प्रतिभागियों के तकनीकी ज्ञान और गुणवत्ता मानकों की समझ की परीक्षा ली गई। सिविल इंजीनियरिंग कौशल के तहत टावर चैलेंज और ब्रिज मेकिंग प्रतियोगिता का मूल्यांकन हुआ, जिसमें छात्रों ने सीमित संसाधनों से मजबूत और संतुलित ढांचे तैयार किए। वहीं, निर्माण सामग्री पहचान (Building Material Identification) में छात्रों ने विभिन्न सिविल सामग्रियों की बारीकियों और उनकी गुणवत्ता को परखा। इलेक्ट्रिकल और रोबोटिक्स के क्षेत्र में सर्किट मेनिया के तहत जटिल इलेक्ट्रॉनिक सर्किट डिजाइन किए गए, जबकि रोबो फॉर्मेशन में छात्रों ने स्वचालित रोबोटिक मॉडल बनाकर अपनी इंजीनियरिंग प्रतिभा दिखाई। इसके अतिरिक्त, इंजीनियरिंग पहेली ने छात्रों की तार्किक क्षमता को चुनौती दी और टी-शर्ट डिज़ाइन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तकनीक व कला के अनूठे संगम को रंगों के माध्यम से उकेरा।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य संरक्षक माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, संरक्षक कुलसचिव प्रो. चंद्र कुमार सिंह तथा संकायाध्यक्ष (शैक्षणिक) प्रो. राजीव वार्ष्णेय का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग की डीन और एक्मे 2026 की अध्यक्ष डॉ. कीर्ति पाल ने दो दिवसीय आयोजन की सफलता और छात्रों की भारी भागीदारी पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस तकनीकी महोत्सव ने छात्रों को नवाचार और व्यावहारिक इंजीनियरिंग कौशल दिखाने का एक सशक्त मंच प्रदान किया है। समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस दो दिवसीय महोत्सव का सफल संचालन आयोजन समिति के समन्वयकों डॉ. निधि सिंह, डॉ. एम. ए. अंसारी और डॉ. धर्मवीर मंगल तथा सह-समन्वयकों डॉ. एच. सी. ठाकुर, डॉ. ओमवीर सिंह और आर्किटेक्ट माधुरी अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ। आयोजन की सफलता में मुख्य समिति के सदस्यों—डॉ. दिव्या शर्मा, डॉ. हरकीरत कौर, डॉ. विनय राणा और डॉ. विकास श्रीवास्तव तथा संकाय सदस्यों डॉ. कमल कांत शर्मा, डॉ. बुलबुल शर्मा, डॉ. सूरज, इंजीनियर शिव सागर, इंजीनियर नेहा मिश्रा और इंजीनियर ज्योति सिंह का विशेष योगदान रहा।

छात्र स्तर पर कार्यक्रम के सुचारू संचालन में छात्र समन्वयक सार्थक गौतम (बी.टेक. सिविल इंजीनियरिंग, तृतीय वर्ष), धवल जैन (बी.डेस. वास्तुकला एवं नियोजन, तृतीय वर्ष), अनुराग सरकार (बी.टेक. मैकेनिकल इंजीनियरिंग, चतुर्थ वर्ष) और यशवर्धन त्यागी (बी.टेक. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, चतुर्थ वर्ष) ने अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही नैंसी और अंकित (एम.टेक. प्रथम वर्ष) का विशेष योगदान रहा। समापन सत्र के अंत में एक्मे समन्वयक डॉ. एम. ए. अंसारी ने सभी पैनल विशेषज्ञों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, प्रायोजकों और प्रतिभागियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!