ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ प्रियंका सिंह ने संयुक्त राष्ट्र, जिनेवा में पर्यावरण संरक्षण के लिए हिंदी भाषा, साहित्य एवं सांस्कृतिक विरासत का किया प्रतिनिधित्व 

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका सिंह ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए हिंदी भाषा, साहित्य, सांस्कृतिक परंपराओं एवं पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों की पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकीय स्थिरता में भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

डॉ. प्रियंका सिंह को वन मिलियन फॉर वन बिलियन (1M1B) फाउंडेशन द्वारा 21 नवंबर 2026 को जिनेवा स्थित पैलेस ऑफ नेशंस, संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में आयोजित 10वें 1M1B इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। उनकी प्रस्तुति समिट के साथ आयोजित धरती, भाषा और विरासत कार्यक्रम के अंतर्गत हुई। इस सत्र में डॉ सिंह द्वारा हिंदी भाषा, स्थानीय एवं आदिवासी संस्कृतियों तथा पारंपरिक ज्ञान के माध्यम से पृथ्वी के संरक्षण की संभावनाओं पर विचार किया गया।

उन्होंने हिंदी साहित्य के आधार पर मानव और प्रकृति के संबंध को भारतीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया। उनका केंद्रीय विचार है कि हिंदी भाषा, साहित्य, भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों में गहरी पारिस्थितिक चेतना निहित है, जो वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान कर सकती है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को केवल भौतिक संसाधन के रूप में नहीं, बल्कि जीवनदायिनी, पोषण करने वाली और मातृवत शक्ति के रूप में देखा गया है। मनुष्य प्रकृति से उत्पन्न होता है और अंततः उसी में विलीन हो जाता है। इसलिए मानव और प्रकृति का संबंध वर्चस्व का नहीं, बल्कि परस्पर निर्भरता और सह-अस्तित्व का संबंध है।

उन्होंने रेखांकित किया कि हिंदी साहित्य में प्रकृति केवल सौंदर्य-वर्णन का विषय नहीं है, बल्कि वह मनुष्य की भावनाओं, चिंतन, आध्यात्मिकता और जीवन-दृष्टि से गहराई से जुड़ी हुई है। सुमित्रानंदन पंत, जयशंकर प्रसाद, महादेवी वर्मा , जैसंती करकेटा जैसे साहित्यकारों की रचनाओं के माध्यम से उन्होंने बताया कि प्रकृति मनुष्य के लिए आलम्बन, शिक्षक, उपचारक और आत्मचिंतन का माध्यम रही है। प्रकृति के सान्निध्य से मनुष्य को मानसिक शांति, संतुलन और नई ऊर्जा प्राप्त होती है।

प्रस्तुति का एक महत्वपूर्ण पक्ष भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं में निहित पर्यावरणीय चेतना रहा। डॉ. सिंह ने बताया कि बिहू, बसंत पंचमी, ओणम और लोहड़ी जैसे अनेक भारतीय त्योहार कृषि-चक्र, फसल, बुवाई और कटाई तथा प्रकृति के साथ गहराई से जुड़े हुए हैं। भारतीय परंपरा में पीपल, बरगद और तुलसी जैसे वृक्षों तथा नदियों, पशु-पक्षियों को धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं से जोड़कर उनके संरक्षण की सामाजिक व्यवस्था विकसित की गई।

उन्होंने इस बात पर भी विचार प्रस्तुत किया कि वृक्षों, नदियों और जीव-जंतुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जोड़ने वाली परंपराएँ वास्तव में प्रकृति के संरक्षण के प्रभावी सामाजिक माध्यम बन गई थीं।

शोध का एक अन्य महत्वपूर्ण पक्ष प्रकृति की उपचारात्मक एवं संतुलनकारी शक्ति है। डॉ. सिंह ने बताया कि प्रकृति मनुष्य के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक तनाव को कम करने तथा जीवन में संतुलन स्थापित करने में सहायक है। उन्होंने इसे बौद्ध दर्शन के “मध्यम मार्ग” से भी जोड़ा और बताया कि प्रकृति स्वयं संतुलन का पाठ पढ़ाती है। जब मनुष्य इस संतुलन की अवहेलना करता है, तो प्रकृति अपने रौद्र रूप के माध्यम से उसे उसके परिणामों का बोध कराती है।

भारतीय आदिवासी समुदायों के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के एबोरिजिनल समुदायों के उदाहरणों के माध्यम से यह रेखांकित किया गया कि भूमि, जंगल, भाषा, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों के साथ उनका संबंध पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण सीख प्रदान करता है।

महुआ वृक्ष से जुड़ी आदिवासी संवेदना का उदाहरण देते हुए डॉ. सिंह ने प्रकृति से उतना ही ग्रहण करने की भावना को रेखांकित किया, जितना प्रकृति स्वयं प्रदान करती है। इसी क्रम में चिपको आंदोलन को वृक्षों के प्रति भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव तथा सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

डॉ. सिंह ने पारिस्थितिकीय परस्पर निर्भरता पर भी विशेष बल दिया। वृक्ष, नदियाँ, मिट्टी, वर्षा, फसलें, कीट-पतंगे, पशु-पक्षी और मनुष्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। जल-चक्र, मिट्टी की उर्वरता, वृक्षों और मनुष्य के बीच गैसों का आदान-प्रदान तथा मधुमक्खियों द्वारा परागण जैसी प्राकृतिक प्रक्रियाएँ यह स्पष्ट करती हैं कि प्रकृति का कोई भी घटक अकेले अस्तित्व में नहीं रह सकता।

शोध में रामवृक्ष बेनीपुरी के “गेहूँ और गुलाब” के माध्यम से भौतिक आवश्यकताओं तथा जीवन के सौंदर्य, संवेदना और सांस्कृतिक पक्ष के बीच संतुलन की आवश्यकता को भी रेखांकित किया गया है। अत्यधिक भौतिकता और मिट्टी एवं प्रकृति से बढ़ती दूरी मानव जीवन के उस संतुलन को प्रभावित करती है, जो स्वस्थ और सार्थक जीवन के लिए आवश्यक है।

इन साहित्यिक एवं सांस्कृतिक दृष्टांतों को वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों से जोड़ते हुए डॉ. सिंह ने पारिस्थितिक संतुलन, जैव-विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। वन वायु को शुद्ध करते हैं, महासागर जलवायु को प्रभावित करते हैं और मिट्टी कृषि का आधार है। वनों की कटाई, जल एवं वायु प्रदूषण तथा प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से यह संतुलन प्रभावित होता है और जलवायु तथा जैव-विविधता पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।

शोध में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल बड़े स्तर के प्रयास ही आवश्यक नहीं हैं। छोटे, निरंतर और व्यक्तिगत प्रयास भी महत्वपूर्ण परिवर्तन ला सकते हैं। बिजली एवं पानी की बचत, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, सार्वजनिक परिवहन या साइकिल का प्रयोग तथा वृक्षारोपण जैसे कदम पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस प्रयास में उन्होंने छात्रों और युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरणीय साक्षरता और सतत विकास लक्ष्यों से जुड़ी गतिविधियाँ युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उनका मानना है कि पर्यावरणीय चेतना बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र में हुई इस प्रस्तुति ने भारत की भाषाई, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं आदिवासी ज्ञान परंपराओं को जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर वैश्विक विमर्श से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश सामने आया कि साहित्य और सांस्कृतिक विरासत केवल अतीत की स्मृतियाँ नहीं हैं, बल्कि उनमें वर्तमान वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए उपयोगी पारंपरिक ज्ञान और जीवन-दृष्टि भी निहित है।

डॉ. प्रियंका सिंह ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने विचारों को प्रस्तुत करने के लिए निरंतर सहयोग एवं प्रेरणा देने के लिए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, कुलसचिव, प्रो. चंदर कुमार सिंह, प्रो. राजीव वार्ष्णेय,अधिष्ठाता, अकादमिक तथा प्रो. धनलक्ष्मी, अधिष्ठाता, शोध एवं नियोजन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

संयुक्त राष्ट्र में डॉ. सिंह की सहभागिता गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की भारतीय भाषाओं, साहित्य, सांस्कृतिक विरासत और अंतर्विषयक शोध को बढ़ावा देने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को समकालीन वैश्विक चुनौतियों—विशेषकर जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास—से जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

जिनेवा में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में विश्व के विभिन्न देशों से युवा परिवर्तनकारी, शिक्षाविद् एवं विचारक शामिल हुए और जलवायु कूटनीति, प्रौद्योगिकी तथा समावेशी एवं समानतापूर्ण विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो माधव गोविंद तथा लॉ स्कूल के अधिष्ठाता डॉ के के द्विवेदी और विभागाध्यक्ष डॉ सतीश चंद्रा ने डॉ प्रियंका सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!