नोएडा के गांव बादौली में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप, घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से ग्रामीणों में रोष

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले गांव बादौली में चल रहे विकास कार्यों में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के बारात घर के समीप नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें निर्धारित गुणवत्ता के विपरीत अव्वल ईंटों के स्थान पर पीला ईंटों का प्रयोग किए जाने का आरोप है। इसके अलावा गांव के मंदिर के समीप भी प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में घटिया किस्म की ईंट, सीमेंट, रोड़ी एवं बदरपुर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस प्रकरण की जांच करने की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालक को संबोधित पत्र एसीईओ पुष्पराज को सौंपा।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के द्वारा विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के चलते निर्माण कार्यों में सुधार होने के बजाय स्थिति और खराब होती जा रही है।
इन निर्माण कार्यों में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता और भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।






